कोरोना संक्रमण से राहत मिलने के बाद हरियाणा में बुखार व डेंगू ने लोगों को अपनी जकड़ में लेना शुरू कर दिया है। डेंगू के रोजाना 87 नए मरीज मिल रहे हैं और 13 दिनों में ही 1141 लोग चपेट में आ चुके हैं। सितंबर में 450 मामले आए थे, लेकिन अचानक से बढ़ोतरी हुई।
अब तक डेंगू के 1591 केस मिल चुके हैं। पंचकूला, सिरसा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नूंह और महेंद्रगढ़ हॉट स्पॉट बन रहे हैं। अस्पतालों की ओपीडी में रोजाना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में प्रदेश में अब तक डेंगू से किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा: गुरुग्राम में हेली हब बनाने के फैसले पर केंद्र की मुहर, मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से बैठक के बाद किया खुलासा
132 मरीज अस्पतालों में दाखिल
डेंगू के 132 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से 38 सरकारी और 94 मरीज निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। मंगलवार को 43 मरीजों को दाखिल कराया गया है, जबकि 73 मरीजों का ओपीडी के माध्यम से इलाज किया है। पिछले साल 2020 में डेंगू के 1377 केस सामने आए थे, लेकिन इस साल यह आंकड़ा भी पार हो चुका है। अभी डेंगू और मलेरिया के लिए मौसम अनुकूल चल रहा है। ऐसे में आशंका है कि आने वाले दिनों में यह मामले और बढ़ सकते हैं।
सात साल का आंकड़ा
वर्ष मलेरिया डेंगू
2015 9308 9921
2016 7866 2494
2017 5696 4550
2018 3154 1936
2019 1497 1207
2020 111 1377
2021 46 1591
डेंगू के जिला वार केस
जिला केस
- पंचकूला 181
- सिरसा 160
- फरीदाबाद 147
- गुरुग्राम 133
- नूंह 113
- महेंद्रगढ़ 99
- कैथल 85
- अंबाला 85
- फतेहाबाद 77
- यमुनानगर 52
- हिसार 51
- कुरुक्षेत्र 49
- सोनीपत 49
- चरखीदादरी 47
- रोहतक 45
- जींद 40
- भिवानी 36
- रेवाड़ी 36
- झज्जर 34
- करनाल 30
- पानीपत 26
- पलवल 16
- कुल 1591
प्रदेश में डेंगू की स्थिति अभी नियंत्रण में है। इलाज के बाद मरीज ठीक हो रहे हैं। लगातार फॉगिंग करवाई जा रही है। 1410 हाथ वाली मशीन और 35 वाहनों के माध्यम से फॉगिंग कराई जा रही है। 25 नई मशीनें खरीदी जा रही हैं। घरों में लगातार डेंगू के लारवा की जांच की जा रही है और लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
- डॉ. उषा गुप्ता, निदेशक, स्वास्थ्य विभाग।