चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गुरुवार को परिचालन और खराब मौसम के कारण आठ उड़ानें रद्द कर दी गईं। चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर केपी सिंह ने कहा कि विस्तारा एयरलाइंस ने अपनी चार उड़ानें रद्द कर दीं और गो एयर ने परिचालन कारणों का हवाला देते हुए तीन उड़ानें रद्द कर दीं, जबकि खराब मौसम के कारण इंडिगो ने भी एक उड़ान रद्द कर दी गई।
कम यात्रियों के कारण रद्द की जा रही फ्लाइट
जानकारी के अनुसार एयरलाइंस कंपनी चाहे जो भी हवाला दे लेकिन फ्लाइट रद्द होने का मुख्य कारण यह है कि यात्री फ्लाइट में सफर करने से कतरा रहे हैं। फ्लाइट में यात्री कम होने के कारण संचालकों को उड़ानें रद्द करनी पड़ रही हैं।
कोरोना के कारण रद्द हुई कैंबवाला की कुश्ती
चंडीगढ़ के गांव कैंबवाला में मकर संक्रांति पर लालां वाला पीर पर आयोजित होने वाली कुश्ती को कोरोना महामारी के कारण रद्द कर दिया गया है। कुश्ती प्रतियोगिता में पहली नंबर की कुश्ती और दूसरी नंबर की कुश्ती में विजेताओं को इनाम में भैंस दी जाती है। प्रशासन की ओर से कोरोना मानकों को देखते हुए आयोजकों ने कुश्ती रद्द करने का फैसला लिया है।
मेले में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा व अन्य जगहों से नामी पहलवान पहुंचते हैं। पहली कुश्ती में कमला दूमछेड़ी और अजय बारन और दूसरी कुश्ती में कालू बाडेबल और मनजीत खत्री के बीच मुकाबला होना था। छिंज कमेटी कैंबवाला के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह पप्पी ने बताया कि इन पहलवानों को गांव के छिंज कमेटी की ओर से निमंत्रण भेजा जा चुका था। तैयारियां भी पूरी थीं लेकिन महामारी को देखते हुए इसे रद्द कर दिया गया है।