चंडीगढ़। जगराते में राधा-कृष्ण बनने दो भाईयों पर नशे में धुत 8 युवकों ने चाकू और तलवारों से हमला कर दिया। हमले में कृष्ण का रोल करने वाले स्थानीय निवासी साजन (19) की मौत हो गई, जबकि बड़े भाई विशाल (21) की हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात रामदरबार फेज-2 में सोमवार रात करीब 9 बजे हुई। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी विशाल के राधा बनने पर कमेंट करते थे। इस कारण रंजिश चल रही थी। साजन व विशाल के परिजनों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने में कोताही बरत रही है। जब तक सभी हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, वह साजन का शव नहीं लेंगे।
पीड़ित राम किशन रामदरबार फेज-2 स्थित मकान नंबर 1370 में पत्नी, दो बेटे विशाल, साजन और बेटी के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनका हल्लोमाजरा में अलमारियों का काम है। रोजाना की तरह सोमवार को दोनों बेटों को साथ में दुकान पर ले गए थे। शाम करीब साढ़े 6 बजे साजन घर आ गया और करीब साढ़े 8 बजे वह विशाल के साथ घर पहुंचे। इस बीच विशाल मां से 50 रुपये मांगकर मोमोज खरीदने बाजार जाने लगा। विशाल भी उसके साथ चला गया।
आरोप है कि रामदबार फेज-2 के बाजार के पास आरोपी युवकों ने दोनों भाइयों से गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों भाइयों के पेट, हाथ, कमर और पीठ पर चाकू व तलवार से कई वार किए। इतना ही उन्हें दूर तक घसीटा और बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया।
आसपास के लोगों के जमा होने पर आरोपी भाग गए। इसी बीच वहां से गुजर रही एक युवती के एक्टिवा से जख्मी हालत में विशाल अपने भाई साजन को जीएमसीएच-32 ले गया, जहां इलाज के दौरान साजन ने देर रात दम तोड़ दिया। वहीं, मामले की सूचना पर पहुंची सेक्टर-31 परिजनों का बयान दर्जकर तीन युवकों को दबोच लिया है जबकि अन्य की तलाश की जा रही है। जांच में सामने आया कि वारदात के दौरान आरोपी नशे के हालत में थे।
बॉक्स
तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था साजन
साजन तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था। वह शहर के अलग-अलग जगहों पर त्योहार व जागरण के मौके पर निकलने वाली झांकियों में कृष्ण बनता था जबकि बड़ा भाई विशाल राधा बनता था। साजन की हत्या के बाद से परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। राम किशन का कहना है कि जब तक पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, वह शव नहीं लेंगे। ऐेसे में पुलिस अब आरोपियों को दबोचने के लिए दबिश दे रही है। दावा है कि जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।