पंजाब में कोरोना संक्रमण अब फिर बढ़ने लगा है। दो दिन में 50 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। 24 घंटे में 15 नए सक्रिय केस मिले हैं, जिसके बाद इनकी संख्या 90 हो गई है। संक्रमण दर में भी लगातार इजाफा हो रहा है। मंगलवार को संक्रमण दर 0.33 प्रतिशत दर्ज की गई है।
पंजाब स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मंगलवार को कोरोना के 21 नए मामले मिले हैं, जबकि सोमवार को 29 नए मरीज मिले थे। मंगलवार को लुधियाना में सबसे अधिक आठ, जालंधर में पांच, मोहाली में तीन, पठानकोट में दो और तीन अन्य जिलों में एक-एक नया मरीज मिला है। अच्छी बात यह है कि बीते 24 घंटों में कोई भी गंभीर हालत में मरीज नहीं मिला है। चार संक्रमितों को सांस लेने में परेशानी हो रही है, जिन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। अब तक राज्य में 17743 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
कोरोना: हरियाणा में चार फीसदी से अधिक पहुंची संक्रमण दर, 249 नए मामले
हरियाणा में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। मंगलवार को प्रदेश में कुल 249 नए मामले मिले हैं। अकेले गुरुग्राम में 196 और फरीदाबाद में 40 मरीज मिले हैं। वहीं, मात्र 18 दिन में संक्रमण दर 4.18 फीसदी पहुंच गई है। एक अप्रैल को यह दर 0.40 फीसदी थी।
प्रदेश में सक्रिय केसों की संख्या बढ़कर 1102 हो गई है। इनमें से 1088 मरीज होम आइसोलेशन में है, 34 मरीज अस्पतालों में दाखिल हैं। इनमें से पांच मरीज आईसीयू में हैं और शेष अस्पताल में दाखिल हैं। मंगलवार को सोनीपत में चार, पंचकूला में तीन, झज्जर में दो, करनाल, रोहतक और कैथल में एक-एक नया केस सामने आया है।
पिछले एक सप्ताह से अब जीटी रोड के जिलों में भी नए मामले मिलने लगे हैं, जबकि पहले 18 जिलों में कोई केस नहीं था। रिकवरी दर 98.81 और मृत्यु दर 1.08 फीसदी है। गौर हो कि एनसीआर के जिलों में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर और सोनीपत में मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है।