होशियारपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विजय सांपला की चुनावी सभा में इस्तेमाल की गई करीब डेढ़ दर्जन स्कूल बसें जब्त कर ली गई हैं। गत शनिवार को विजय सांपला की विभिन्न चुनावी सभाओं में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने भी शिरकत की थी।
सभाओं में उक्त बसों का इस्तेमाल लोगों को लाने-ले जाने के लिए किया गया था। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी ने इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए इस्तेमाल की गई सभी बसों को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक सीज कर दिया है।
अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी सुप्रीत सिंह गुलाटी ने सोमवार को बताया मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर डीसी होशियारपुर को रिपोर्ट देने के लिए कहा गया था।
रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। इस बारे में संपर्क किए जाने पर होशियारपुर की डीसी व जिला चुनाव अधिकारी तनु कश्यप ने बताया कि भाजपा उम्मीदवार विजय सांपला और संबंधित स्कूलों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था कि बिना अनुमति लिए इन बसों का इस्तेमाल सियासी तौर पर कैसे हुआ।
उन्होंने कहा कि स्कूली बसों के परमिट केवल विद्यार्थियों को लाने-ले जाने के लिए जारी होते हैं। यदि इनका इस्तेमाल किसी अन्य काम के लिए करना हो तो इसकी प्रशासन से अनुमति लेने की जरूरत होती है। उक्त मामले में ऐसी अनुमति नहीं ली गई, अत: इन्हें चुनाव प्रक्रिया मुकम्मल होने तक जब्त कर लिया गया है।