कोरोना की तीसरी लहर में 90 प्रतिशत मरीजों को अस्पताल में दाखिल होने की जरूरत नहीं पड़ रही है। मात्र 10 प्रतिशत मरीज ही ऐसे हैं, जो अस्पताल में दाखिल हो रहे हैं। अधिकतर मरीज घरों में इलाज लेकर ही ठीक हो रहे हैं। एक जनवरी से कोरोना के केसों की संख्या बढ़ने लगी थी। ऐसे में अब तक एक लाख 81 हजार नए केस सामने आ चुके हैं। इनमें से एक लाख 67 हजार मरीज ठीक हो चुके हैं।
मौजूदा स्थिति की बात करे तो कुल 18595 मरीज एक्टिव हैं और इनमें से 17446 होम आइसोलेशन में हैं। शेष मरीजों अस्पतालों में दाखिल है। विशेषज्ञ बताते हैं कि जिन मरीजों की स्थिति गंभीर हो रही है, वे पहले से ही किसी बीमारी से पीड़ित हैं। मौत भी ऐसे ही बुजुर्ग या गंभीर मरीजों की हो रही है।
16 की मौत, 3148 नए केस
गुरुवार को हरियाणा में कोरोना से 16 मरीजों की मौत दर्ज की गई। जबकि 3148 नए केस मिले हैं। गुरुग्राम में 3, हिसार, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत में 2-2, करनाल, अंबाला और सिरसा में 1-1 मरीज की जान गई है। इस समय प्रदेश में संक्रमण दर 9.35 चल रही है, जबकि रिकवरी दर 96.98 फीसदी है।
नए केसों में गुरुग्राम 896, फरीदाबाद 277, हिसार 193, सोनीपत 215, करनाल 64, पानीपत 52, पंचकूला 187, अंबाला 120, सिरसा 79, रोहतक 108, यमुनानगर 81, भिवानी 117, कुरुक्षेत्र 87, महेंद्रगढ़ 117, जींद 103, रेवाड़ी 94, झज्जर 56, फतेहाबाद 34, कैथल 46, पलवल 124, चरखी दादरी 72 और नूंह में 26 नए केस मिले हैं।
समय-समय पर कर रहे संक्रमण का आकलन: विज
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि सरकार द्वारा समय-समय पर कोविड संक्रमण का आकलन किया जाता है, उसी अनुसार सरकार द्वारा हिदायतों व पाबंदियों के संबंध में गाइडलाइन जारी की जाती है। उन्होंने कहा कि मैं रोजाना कोविड के चार्ट को देखता हूं, कोविड बढ़ रहा है या नहीं बढ़ रहा है या कहां पर बढ़ रहा है, उसी के मुताबिक हिदायतों को लगाया जाता है। उन्होंने कहा कि हम कोविड की स्थिति पर नजर रखे हैं और विचार कर रहे हैं, लेकिन लोगों को कोविड को हल्के में नहीं लेना चाहिए, लोगों को कोविड प्रोटोकॉल के तहत पूरे ऐतिहात बरतने चाहिए।