पंचकूला। साध्वी यौन शोषण मामले में दोषी गुरमीत राम रहीम के सिरसा स्थित डेरे के अस्पताल में 400 साधुओं को नपुंसक बनाने के मामले में वीरवार को पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष कोर्ट में सुनवाई हुई। लेकिन मामले के संबंध में सीबीआई की एक याचिका हाईकोर्ट में लंबित होने के कारण पंचकूला सीबीआई कोर्ट में कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। सीबीआई कोर्ट ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 20 जुलाई की तिथि निर्धारित की है। आगामी सुनवाई में बचाव पक्ष गवाहों के बयान पढ़ेंगे।
गौरतलब है कि मामले में बचाव पक्ष की ओर से लगातार दस्तावेजों की मांग पर सीबीआई द्वारा हाईकोर्ट में एक याचिका लगाई गई है। इसमें बचाव पक्ष के लिए उचित निर्देश जारी करने की मांग की गई है। इससे पहले बचाव पक्ष ने कोर्ट से गवाहों के बयान पढ़ने के लिए समय मांगा था। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने आरोपी पंकज गर्ग के वकील को गवाहों के बयानों को पढ़ने की मंजूरी प्रदान की थी। लेकिन बचाव पक्ष ने हाईकोर्ट में लगाई एक याचिका में गवाहों के बयानो की कॉपी दिए जाने की मांग की थी। इस पर हाइकोर्ट ने कहा था कि बचाव पक्ष गवाहों के बयानों को पढ़ सकता है, लेकिन उन्हें कोई कॉपी नहीं दी जाएगी। कोर्ट ने बचाव पक्ष को बयानों को पढ़ने के लिए समय दिया था। इसके बाद ही कोर्ट में आगामी कार्रवाई हो सकेगी। कोर्ट द्वारा तीनों आरोपियों पर आईपीसी की धारा-326, 417, 506, 120बी के तहत आरोप तय किए जा चुके हैं।