चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने लीज होल्ड व फ्री होल्ड आवासीय संपत्ति और लीज होल्ड व्यावसायिक की कुल 143 संपत्तियों को बेचने के लिए ई-टेंडर किया था। इस बार सीएचबी सिर्फ पांच संपत्तियों को ही बेच पाया है। किसी भी व्यक्ति ने लीज होल्ड आवासीय संपत्ति (फ्लैट) के लिए रुचि नहीं दिखाई।
10 फ्री होल्ड आवासीय संपत्ति में से 2 और 109 लीज होल्ड व्यावसायिक संपत्ति में से केवल 3 संपत्तियों को बेचने में ही बोर्ड सफल रहा है। सेक्टर-51 का एक एमआईजी फ्लैट 96 लाख रुपये में बिका, जबकि दूसरे एमआईजी फ्लैट के लिए 92.25 लाख रुपये की बोली लगी। दोनों फ्लैट्स का आरक्षित मूल्य 90 लाख रुपये था। इसी तरह सेक्टर-51ए की एक व्यावसायिक यूनिट 44.35 लाख, दूसरी 46 लाख और तीसरी 45.18 लाख रुपये में बिकी। पांचों संपत्तियों का कुल आरक्षित मूल्य 3.12 करोड़ रुपये था, जिसको सीएचबी ने 3.23 करोड़ में बेचा है। आरक्षित मूल्य से सिर्फ 11 लाख रुपये की ही कमाई हुई है। पांचों संपत्तियों के लिए सबसे अधिक बोली लगाने वाले बोलीदाता को 7 मार्च तक 25 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी। अगर बोलीदाता द्वारा तय समय के अंदर इसका भुगतान नहीं किया जाता है तो बोर्ड की तरफ से ईएमडी (बयाना राशि) जब्त कर ली जाएगी और बोलीदाता को सीएचबी की किसी भी संपत्ति के लिए बोली लगाने से ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। पिछले 11 महीने में चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने लीज होल्ड और फ्री होल्ड 170 संपत्तियां बेची हैं और करीब 115.46 करोड़ रुपये कमाए हैं। पहले बोर्ड ई-नीलामी के जरिए आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियों की नीलामी करता था, लेकिन अब बेहतर प्रस्तावों और गोपनीयता को बरकरार रखने के लिए ई-टेंडरिंग का सहारा ले रहा है।
इन संपत्तियों के लिए लगी बोली
आवासीय संपत्ति (फ्री होल्ड)
सेक्टर बोली
सेक्टर-51 एमआईजी 96 लाख
सेक्टर-51 एमआईजी 92.25 लाख
व्यावसायिक संपत्ति (लीज होल्ड)
सेक्टर-51ए 44.35 लाख
सेक्टर-51ए 46 लाख
सेक्टर-51ए 45.18 लाख