हरियाणा के नूंह में डीएसपी की हत्या के बाद प्रदेश में अवैध खनन का मुद्दा गरमा गया है। मगर हरियाणा सरकार ने अवैध खनन को रोकने के खातिर उपायुक्तों की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स (डीएलटीएफ) का गठन पहले ही किया है। यह टास्क फोर्स प्रभावित क्षेत्रों का औचक निरीक्षण करती है और जमीनी स्तर पर कड़ी कार्रवाई करने में पूरी तरह सक्षम है। 2022-23 में अवैध खनन को लेकर प्रदेश में अब तक 138 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके साथ ही 253 वाहनों को जब्त कर 1,31,29158 रुपये जुर्माना वसूला गया है।
खनन विभाग को मिले 18 पुलिसकर्मी
अवैध खनन पर लगाम लगाने के उद्देश्य से खनन विभाग को हाल ही में पुलिस विभाग से 18 पुलिसकर्मी प्रतिनियुक्ति पर मिले हैं। इनमें एक निरीक्षक, चार उपनिरीक्षक, चार हेड कांस्टेबल और नौ सिपाही शामिल हैं। इन्हें अवैध खनन की जांच में तैनात किया गया है। निकट भविष्य में 60 और पुलिसकर्मी खनन विभाग को मिलेंगे।
जीपीएस से लैस होंगे सभी वाहन
हरियाणा सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश में खनन की नियमित निगरानी के लिए सैटेलाइट इमेजरी का उपयोग करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही भविष्य में किसी खनिज के खनन ठेका क्षेत्र से खनन सामग्री ले जाने वाले सभी वाहनों को जीपीएस से लैस किया जाएगा।
नूंह में इस साल 68 वाहन जब्त
प्रवक्ता के मुताबिक वर्ष 2022-23 में अवैध खनन को लेकर अब तक 138 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके साथ ही 253 वाहनों को जब्त कर 1,31,29158 रुपये जुर्माना वसूला गया है। नूंह में वर्ष 2022-23 में अवैध खनन में शामिल 68 वाहनों को जब्त किया गया है और 23 एफआईआर दर्ज की गई हैं। नूंह में अवैध खनन करने वालों से 428400 रुपये जुर्माना वसूल किया गया है।
मंत्री मूलचंद शर्मा बोले- घटनास्थल खनन का नहीं, वन विभाग का क्षेत्र है
हरियाणा के खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि नूंह में जहां पर डीएसपी की हत्या हुई है वह वन विभाग का क्षेत्र है, खनन का नहीं। प्रदेश सरकार इस तरह के माफिया को पनपने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निरंतर अवैध खनन करने वालों पर सख्त कार्रवाई कर रही है।
सरकार से अधिकारियों को मिले सख्त निर्देश
अवैध खनन को लेकर उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षक को सरकार से सख्त निर्देश मिले हैं। अवैध खनन की जांच और अवैध खनन की संभावना वाले संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने और अधिकारियों की विशेष टीमों को नियमित रूप से संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करने को कहा गया है।