दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2016-17 के स्नातक (यूजी) व स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर के दाखिले एकसाथ होने की संभावना है। इन दोनों स्तर के दाखिलों के लिए ऐसी तैयारी हो रही है कि या तो एक साथ दाखिला प्रक्रिया शुरू हो या फिर दाखिला प्रक्रिया में ज्यादा अंतर न रहे।
दरअसल, हर साल डीयू में यूजी से पहले पीजी स्तर की दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाती है। बीते साल भी अप्रैल की शुरुआत में स्नातकोत्तर स्तर की आवेदन प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया था।
दाखिला समिति के एक सदस्य ने बताया कि पीजी स्तर पर विषयों के लिए जून में होने वाली प्रवेश परीक्षाओं का शेड्यूल तो लगभग तय कर लिया गया है। लेकिन अभी पीजी के लिए दाखिला शेड्यूल तय नहीं किया गया है।
संभवत: इस बार प्रक्रिया में कुछ बदलाव हो। पीजी के लिए प्रक्रिया या तो मई में होने वाली यूजी प्रक्रिया के साथ शुरू हो या फिर उससे कुछ दिन पहले ही शुरू हो। दरअसल, प्रशासन इन दोनों प्रक्रियाओं में इस बार ज्यादा अंतर नहीं रखना चाहता है।
दरअसल, स्नातक के परीक्षा परिणाम देर मई-जून में जारी होने के कारण कई छात्र पीजी में दाखिले से चूक जाते हैं। हर साल कई छात्रों को ऐसी समस्या का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में यदि पीजी केदाखिले मई-जून में होते हैं तो कई छात्रों को पीजी में दाखिला लेने का अवसर मिल जाएगा। वहीं यूजी की तरह ही पीजी की दाखिला प्रक्रिया भी ऑनलाइन होगी।
सूत्र बताते हैं कि डीयू कुलपति प्रो. योगेश त्यागी चाहते हैं कि दाखिला प्रक्रिया समय से पूरी हो जाए। इसके लिए जहां डीयू में दाखिला प्रक्रिया 31 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी। मालूम हो कि डीयू में स्नातक स्तर पर 54 हजार सीटें व स्नातकोत्तर स्तर पर लगभग 8 हजार सीटें हैं।