दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2016-17 के दाखिलों के लिए फीस ऑनलाइन ही जमा करवाने की तैयारी हो रही है। फीस यदि ऑनलाइन जमा होती है तो छात्रों को कटऑफ में नाम आने के बाद फीस जमा करवाने के लिए डिमांड ड्राफ्ट बनवाने के लिए चक्कर नहीं लगाने होंगे। दाखिला प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए यह प्रयास किया जा रहा है।
दाखिला समिति ने इसकी सिफारिश भी की है, इस पर कुलपति की अंतिम मुहर बाकी है। दाखिला नियमों को तय करने के लिए गठित दाखिला समिति के एक सदस्य ने बताया कि दाखिला प्रक्रिया को छात्र फ्रेेंडली बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
दरअसल, हर साल फीस जमा कराने के लिए कॉलेजों में छात्रों व अभिभावकों को काफी मशक्कत उठानी पड़ती है। एक दिन दाखिला हो जाने के बाद उन्हें दूसरे दिन फीस जमा कराने के लिए आना पड़ता है। डिमांड ड्राफ्ट के लिए भी परेशानी उठानी पड़ती है।
ऐसे में छात्रों को इन परेशानियों से बचाने के लिए ऑनलाइन ही फीस जमा करवाने पर विचार हो रहा है। दाखिला समिति ने फीस जमा कराने के लिए ऑनलाइन जमा कराने का सुझाव दिया है। समिति का सुझाव है कि इससे दाखिलों को मॉनिटर भी किया जा सकेगा और एक से ज्यादा दाखिले नहीं हो पाएंगे।