रियासत में रविवार को पैरा मेडिकल परीक्षाओं में हजारों परीक्षार्थी बैठे। जेएंडके स्टेट पैरा मेडिकल काउंसिल के अधीन करवाई गई इन परीक्षाओं में पहली बार लेडी हेल्थ विजिटर और इंडियन सिस्टम आफ मेडिसन की परीक्षाएं करवाई गईं। जम्मू संभाग में इन परीक्षाओं में 8829 परीक्षार्थी बैठे। हालांकि भीषण गर्मी ने परीक्षार्थियों को थोड़ा परेशान किया।
परीक्षा के लिए जम्मू में 19, उधमपुर में तीन, कठुआ में चार, राजोरी, पुंछ में दो-दो और डोडा में एक परीक्षा केंद्र स्थापित किया गया था। आगामी आठ मई को एएमटी/एएनएमटी स्कूल, निजी पैरा मेडिकल संस्थानों से विद्यार्थी विभिन्न पैरा मेडिकल कोर्सों के लिए परीक्षा आयोजित होगी। काउंसिल के परीक्षा कंट्रोलर डा. अमरजीत सिंह भाटिया के अनुसार पहले चरण में सफलतापूर्वक पैरामेडिकल परीक्षाएं आयोजित हुईं।
काउंसिल से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को परीक्षाओं में जम्मू संभाग से फीमेल मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर पार्ट 1 में 1422, पार्ट 2 में 2715, मेल मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर पार्ट 1 में 390, पार्ट 2 में 611, जीएनएम पार्ट 1 में 421, पार्ट 3 में 247, पार्ट 4 में 374, मेडिकल असिस्टेंट पार्ट 1 में 508, पार्ट 2 में 827, लैब असिस्टेंट पार्ट 1 में 213, पार्ट 2 में 293 के अलावा डी. फार्र्मेसी, आपथामिक असिस्टेंट, आपरेशन थियेटर टेक्निकल, सेनेटरी इंस्पेक्टर, एनेस्थीसिया असिस्टेंट, एक्स-रे असिस्टेंट, डेंटल टेक्नीशियन में विभिन्न पार्ट की परीक्षाएं आयोजित की गईं।
हरि सिंह स्कूल से परीक्षा देकर निकली रागिनी शर्मा ने कहा कि परीक्षा में प्रश्न पाठ्यक्रम से पूछे गए थे। परीक्षा को लेकर तनाव के साथ उत्साह भी रहा। परीक्षा के लिए सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ पहुंचना शुरू हो गई थी।
खासकर छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी पहुंचे हुए थे। कश्मीर संभाग में भी परीक्षाओं के लिए दर्जन से अधिक परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे। परीक्षाओं के दौरान फ्लाइंग स्क्वायड की टीमों ने विभिन्न केंद्रों पर जाकर जायजा लिया, हालांकि कहीं से कोई शिकायत नहीं मिली है।