फीस बढ़ोतरी के विरोध में अभिभावक लामबंद होकर बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। रविवार को सेक्टर-29 लेजर वैली ग्राउंड में अभिभावक एकजुट हुए। अभिभावकों ने एकसुर में दिल्ली की तर्ज पर स्कूल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और फीस बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की।
अभिभावकों ने कहा कि जिस तरह दिल्ली सरकार ने फीस वापस नहीं लेने वाले स्कूलों को अपने अधीन ले लिया, उसी तरह गुड़गांव के स्कूलों के खिलाफ मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भी कार्रवाई करनी चाहिए।
रविवार को शलो हिल्स, जीडी गोयनका, शिव नादर स्कूल, रेयान इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल समेत अन्य स्कूलों के अभिभावक एकजुट हुए।
बता दें कि बीते कई दिनों से इन स्कूलों में फीस बढ़ोतरी को लेकर विरोध चल रहा है। अभिभावकों ने बैठक में ट्यूशन फीस के अलावा अन्य फीस व फंडों से निजात पाने के लिए कोर्ट में मामला दर्ज करने का निर्णय लिया। इसके साथ छह स्कूलों के खिलाफ ऑडिट करने के लिए जिला प्रशासन और फीस कमेटी से मांग सोमवार से की जाएगी।
अभिभावक एकता मंच ने इस आंदोलन को बड़े पैमाने पर चलाने के लिए एक वर्किंग कमेटी बनाने का निर्णय लिया है। जिसमें सभी स्कूलों के अभिभावकों को जोड़कर कार्रवाई तेज करने के लिए आंदोलन चलाया जाएगा। मंच के महासचिव रामफल श्योराण ने बताया कि स्कूलों के खिलाफ फीस बढ़ोतरी के खिलाफ कोर्ट में केस दर्ज कर मान्यता रद्द करने व स्कूल प्रबंधन को सरकारी कब्जे में लेने की मांग की जाएगी।