एडमिशन न देने के विरोध में प्रदर्शन करते अभिभावक
- फोटो : अमर उजाला
निजी स्कूलों की मनमानी से परेशान अभिभावकों ने सोमवार को स्कूलों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और काले झंडे दिखाए। अभिभावक ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल नियम 134-ए के तहत दाखिला भी नहीं दे रहे हैं वहीं इसके विरोध में स्कूल प्रबंधन भी स्कूलों को बंद कर अपना विरोध जता रहे हैं। जबकि दाखिले के लिए कोर्ट ने आदेश भी दिया है। हरियाणा अभिभावक एकता मंच के पदाधिकारियों ने सोमवार को सेक्टर-10 स्थित ब्ल्यू बैल्स पब्लिक स्कूल, यूरो इंटरनेशनल स्कूल व सेक्टर-4 स्थित सीसीए पब्लिक स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया।
पदाधिकारियों ने बताया कि यूरो इंटरनेशनल स्कूल व सीसीए स्कूल के खिलाफ 134-ए के तहत एडमिशन लेने के लिए कोर्ट में केस भी दायर किया था, अभिभावक केस भी जीत गए। कोर्ट के आदेशों के बाद भी स्कूलों में बच्चों को एडमिशन नहीं दिया जा रहा। हरियाणा अभिभावक एकता मंच के महासचिव रामफल का कहना है कि स्कूल प्रबंधन कोर्ट के आदेश नहीं मान रहे हैं। जल्द ही उन पर कोर्ट के आदेशों की अवहेलना किए जाने का भी केस दायर किया जाएगा।