सीधे खाते में पहुंचेगी पॉलीटेक्निक छात्राओं की प्रोत्साहन राशि
- फोटो : demo pic
प्रदेश के राजकीय व अनुदानित पॉलीटेक्निक कॉलेजों में पढ़ने वाली मेधावी छात्राओं को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान अब सीधे उनके बैंक अकाउंट में किया जाएगा। इसके लिए प्राविधिक शिक्षा विभाग ने शासन से अनुमति मांगी है।
पॉलीटेक्निक कॉलेजों में छात्राओं की घटती संख्या को देखते हुए राज्य सरकार ने तकनीकी शिक्षा के प्रति उनका रुझान बढ़ाने को ‘सक्षम बालिका-संपन्न परिवार योजना’ शुरू करने की घोषणा की थी।
इसके तहत पॉलीटेक्निक की मेधावी छात्राओं को चेक के जरिये प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय किया गया था। कई कॉलेजों के प्रिसिंपलों का सुझाव था कि चयनित छात्राओं में से बहुत सी ऐसी भी हैं, जिनका बैंक में अकाउंट ही नहीं खुला है।
इसे देखते हुए प्राविधिक शिक्षा विभाग ने प्रिंसिपलों को निर्देश दिया है कि वे सभी छात्राओं का बैंक अकाउंट संबंधित कॉलेजों से संबद्ध बैंकों में खुलवा कर उसी में उनकी प्रोत्साहन राशि का भुगतान करवाएं।