श्री माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी (एसएमवीडीयू) के पांचवें दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। यूनिवर्सिटी के सभागार के साथ आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा का दायरा बढ़ाया गया है। विद्यार्थियों के साथ स्टाफ की जांच पड़ताल की जा रही है।
समारोह में वर्ष 2014-15 सत्र के बीटेक, एमबीए, एमबीई, पीजी कोर्स, पीएचडी आदि के 837 विद्यार्थियों को डिग्रियां वितरित की जानी हैं। इसके अलावा करीब 22 मेधावी विद्यार्थियों को पदक देकर सम्मानित किया जाएगा।
हालांकि यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा रही है। बताया जाता है कि पीएमओ कार्यालय से अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यूनिवर्सिटी में आवागमन की तिथि फाइनल नहीं हो पाई है।
समारोह में सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों की सूची फाइनल कर ली गई है। पिछले दिनों मंडलायुक्त जम्मू डा. पवन कोतवाल, मुख्य सचिव सहित अन्य आला अधिकारियों ने बैठक कर सुरक्षा और दूसरे बिंदुओं पर विचार किया था। यूनिवर्सिटी में राज्य पुलिस के अलावा अन्य एजेंसियों के सुरक्षा बल तैनात हैं। प्रधानमंत्री दौरे को लेकर सभी विभागों को दुरुस्त बनाया जा रहा है।
मरम्मत और रख-रखाव के कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय को नई शक्ल दी जा रही है। इसमें सफाई का खास ध्यान रखा जा रहा है। समारोह में राज्यपाल एनएन वोहरा सहित कई कबीना मंत्री पहुंचेंगे। उल्लेखनीय है कि एसएमवीडीयू के दीक्षांत समारोह में भारत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हो चुकी हैं।