नोएडा डीपीएस में दो छात्रों से रैगिंग मामले में सीबीएसई ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर 26 मई को स्टेटस रिपोर्ट जमा करने को कहा है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के निर्देश पर सीबीएसई ने यह नोटिस जारी किया है।
नोटिस में यह पूछा है कि रैगिंग के चलते पीड़ित छात्रों की पढ़ाई बाधित तो नहीं हुई है? उनकी काउंसलिंग करवायी गयी या नहीं? सीबीएसई के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, डीपीएस नोएडा को शुक्रवार को नोटिस भेजा गया। नोटिस में स्कूल प्रबंधन से पूछा गया है कि आखिर स्कूल परिसर में रैगिंग जैसी घटना कैसे घटी।
सीबीएसई समय-समय पर रैगिंग जैसी घटनाओं को रोकने और उन पर अंकुश लगाने के लिए दिशा-निर्देश जारी करता है। ऐसे में उन निर्देशों का ढंग से पालन क्यों नहीं हुआ। रैगिंग में जिन 18 छात्रों के नाम आए हैं, उन पर किस प्रकार से कार्रवाई की गई।