हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के तहत बुधवार को 12वीं कक्षा का रिजल्ट देखकर कहीं खुशी तो कहीं गम का माहौल दिखाई दिया। इस बार जिले का परीक्षा परिणाम 43.91 फीसदी रहा है। 21वें पायदान पर पहुंचे फरीदाबाद के अधिकांश स्कूल शत-प्रतिशत रिजल्ट नहीं दे पाए।
लेकिन जिले के कई विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। एसजीएम नगर स्थित राहुल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल का परीक्षा परिणाम सराहनीय रहा। प्रधानाचार्य रमेश डागर ने बताया कि निशा ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल व जिला टॉप किया है, जबकि सपना ने 82 प्रतिशत व पूजा ने 78.4 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया।
आर्ट्स में प्रियंका ने 80 फीसदी अंक प्राप्त किए है। उन्होंने बताया कि स्कूल के 13 विद्यार्थी मेरिट सूची में शामिल हैं। बल्लभगढ़ स्थित रावल बीएसके सीनियर सेकेंडरी स्कूल का परीक्षा परिणाम शानदार रहा। स्कूल के 32 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
विज्ञान संकाय के दीपक शर्मा ने 91.2 प्रतिशत अंक लेकर स्कूल में टॉप किया है। इसके अलावा 53 विद्यार्थियों ने विषयवार 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय मेट्रो चौक से मोनिका ने 91 प्रतिशत अंक लेकर अपने स्कूल का नाम रोशन किया है।
प्रधानाचार्य सुनीता गुप्ता ने बताया कि स्कूल में 60 प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा। संजय कॉलोनी स्थित बीपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल का परीक्षा परीक्षा शानदार रहा। विज्ञान से साक्षी सिंह ने 500 में से 462 अंक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया है।
वहीं कंचन ने 436 अंक लेकर स्कूल में दूसरा स्थान प्राप्त किया। वाणिज्य में अजय शर्मा ने 414 और मोनिका ने 401 अंक लेकर मेरिट लिस्ट में जगह बनाई है। स्कूल के प्रधानाचार्य अजय परमार ने बताया कि उनके स्कूल का परीक्षा परिणाम 95 प्रतिशत रहा है।
सेतहपुर रोड स्थित दीक्षा पब्लिक स्कूल का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। स्कूल के चयरमैन ओमप्रकाश रक्षवाल ने बताया कि स्कूल के सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए है। 22 बच्चों ने परीक्षा दी थी, जिसमें तीन बच्चों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए है।