छह स्पेशलिस्ट संकायों में 17 सीटों पर होगा दाखिला
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) स्थित डॉ. एचएस जज डेंटल इंस्टीट्यूट (पीयू डेंटल कॉलेज) के मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी (एमडीएस) कोर्स में 2016-17 सत्र में दाखिला करने का फैसला किया है। देर शाम पीयू प्रशासन ने एमडीएस के छह स्पेशलिस्ट संकायों में 17 सीटों पर दाखिले के लिए 31 मई (मंगलवार) शाम चार बजे तक ऑल इंडिया पीजी डेंटल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (एआईपीजीडीई) क्लीयर करने वालों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सोमवार को एमडीएस कोर्स में दाखिले की मंजूरी दे दी है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पीयू डेंटल कॉलेज को 31 मई तक हर हाल में दाखिला करने के नियमों को पूरा करना है। ऐसे में पीयू डेंटल कॉलेज को एक ही दिन में आवेदन आमंत्रित करने होंगे और उसी दिन प्रोविजनल मेरिट लिस्ट भी जारी करनी होगी। जानकारी के अनुसार डेंटल कॉलेज मंगलवार शाम पांच बजे प्रोविजनल मेरिट लिस्ट भी जारी कर देगा।
गौरतलब है कि सेक्टर-25 स्थित पीयू डेंटल कॉलेज में 2015 से शुरू किए गए एमडीएस कोर्स को मिनिस्ट्री ऑफ हेल्थ और डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया ने मान्यता रद्द कर कोर्स बंद करने के निर्देश दिए थे। कोर्स बंद करने का कारण डेंटल कॉलेज में स्थायी प्रिंसिपल कम डायरेक्टर की नियुक्ति का मामला था।
पीयू प्रशासन ने फरवरी तक डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया को प्रिंसिपल की नियुक्ति संबंधी पत्र नहीं भेजा था। कोर्स बंद करने के फैसले के खिलाफ पीयू प्रशासन और कुछ स्टूडेंट ने हाईकोर्ट की एकल बेंच में याचिका दायर की थी, जिसे रद्द कर दिया गया।