पटवारियों के पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं कक्षा पास रखी गई है।
प्रदेशभर के पटवार सर्किलों में चल रही स्टाफ की किल्लत जल्द दूर होने वाली है। प्रदेश सरकार ने पटवारियों के 1120 पद भरने का निर्णय लिया है। सरकार ने राजस्व विभाग को भर्ती प्रक्रिया की तैयारियां शुरू करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं। शीघ्र ही पटवारियों के पदों को भरने के लिए योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
पटवारियों के पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं कक्षा पास रखी गई है। आवेदन आने के बाद जिला स्तर पर लिखित परीक्षा होगी। लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद मेरिट के आधार पर ट्रेनिंग के लिए उम्मीदवारों का चयन होगा। सफल उम्मीदवारों को मंडी के जोगिंद्रनगर स्थित राजस्व प्रशिक्षण संस्थान में ट्रेनिंग दी जाएगी।
डेढ़ वर्ष का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद बैचवाइज भर्ती होगी। पटवारियों की भर्ती होने से खाली चल रहे पटवार सर्किलों में नए पटवारियों की नियुक्ति हो सकेगी। इससे स्टाफ की कमी से जूझ रहे राजस्व विभाग और राजस्व काम करवाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। वर्तमान में प्रदेशभर में पटवारियों के करीब 2400 पद सृजित हैं। इनके सहारे प्रदेशभर में राजस्व संबंधी कार्य निपटाए जा रहे हैं।
प्रदेश सरकार ने 1120 पटवारियों को प्रशिक्षण देने के लिए भर्ती करने का निर्णय लिया है, जिससे प्रशिक्षण उपरांत उन्हें पटवार सर्किलों में नियुक्त कर लोगों को राहत पहुंचाई जा सके। प्रशिक्षण ग्रहण कर रहे पटवारियों की नियुक्ति भी प्रशिक्षण पूर्ण होते ही कर दी जाएगी।-कौल सिंह ठाकुर, राजस्व एवं विधि मंत्री
बिजली बोर्ड में नौकरी, आवेदन का आखिरी मौका
हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड में नौकरी का आवेदन करने का शनिवार को आखिरी दिन है।
हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड में नौकरी का आवेदन करने का शनिवार को आखिरी दिन है। आज चूके तो नौकरी का चांस खो देंगे। बोर्ड में 710 पदों पर भर्ती होने जा रही है। बिजली बोर्ड ने जूनियर टी मेट के 500 और जूनियर हेल्पर सब स्टेशन के 210 पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। अनुबंध पर होने वाली इस भर्ती के तहत 6200 रुपये का मासिक वेतन दिया जाएगा।
16 अप्रैल तक शिमला, मंडी और धर्मशाला आफिस में आवेदन जमा करने होंगे। इच्छुक युवा बिजली बोर्ड के मुख्य अभियंता (परिचालन) उत्तर मंडल धर्मशाला, मुख्य अभियंता (परिचालन) केंद्रीय मंडल मंडी और मुख्य अभियंता (परिचालन) दक्षिण शिमला के कार्यालयों में से किसी एक कार्यालय में व्यक्तिगत तौर पर या मेल के माध्यम से 16 अप्रैल को शाम पांच बजे तक अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं।
इसके अलावा जिला लाहौल स्पीति, जिला किन्नौर, जिला चंबा के पांगी और भरमौर उपमंडल, जिला शिमला के डोडरा क्वार उपमंडल में रहने वाले उम्मीदवारों से आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल शाम पांच बजे तक है। इन तिथियों के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।