इंडियन पवेलियन की डायरेक्टर जी कौर ने बताया कि उनके पवेलियन को भारत के रंग रूप के हिसाब से ढाला गया है। ग्राउंड फ्लोर पर साइंस और इंडियन ट्रेडीशन का मिक्स रूप दिया गया है। इस फ्लोर में भारत की अंतरिक्ष में बढ़ती ताकत के बारे में बताया गया है और भारतीय पुरातन चिकित्सा पद्धति के साथ-साथ योगासन और ग्रीन इंडिया का पूरा कॉन्सेप्ट तैयार किया गया है। फिक्की के डायरेक्टर जनरल दिलीप और पवेलियन डायरेक्टर जी कौर ने बताया की पहले फ्लोर पर आर्ट एंड कल्चर को समाहित किया गया है। जबकि दूसरे फ्लोर पर भारत के सभी राज्यों को स्थान दिया गया है, ताकि वह निवेशकों को अपनी और आकर्षित कर सके और अपनी योजनाओं से उनको अवगत करा सकें। जबकि इंडियन पवेलियन के तीसरे फ्लोर पर मेक इन इंडिया काॉन्सेप्ट को पूरी तरीके से समझाया गया है। यूएई में भारत के राजदूत पवन कपूर कहते हैं कि एक्सपो 2020 में दुनियाभर के निवेशकों को आकर्षित करने के लिए इंडियन पवेलियन पूरी तरीके से तैयार है। इस दौरान राज्यों की अपनी सहभागिता के साथ-साथ केंद्र सरकार की पूरी मदद मिल रही है। उम्मीद की जा रही है कि इससे भारत की अर्थव्यवस्था को और ज्यादा गति मिलेगी।
दुबई के आउटर में तैयार किया गया है दस किलोमीटर में एक्सपो
दुबई एक्सपो की घोषणा 2013 में कर दी गई थी। इस एक्सपो की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुबई ने अपने 10 किलोमीटर क्षेत्रफल में बनने वाले एक्सपो का विस्तार करते हुए इसको दुबई का एक नया जिला घोषित कर दिया है। दुबई एडमिनिस्ट्रेशन के टाउन प्लानिंग विभाग के असिस्टेंट चीफ टाउन प्लानर महबूब अल कुरेशी ने अमर उजाला से बताया कि दुबई म्युनिसिपल कारपोरेशन की ओर से एक्सपो साइट को "डिस्ट्रिक 2020" के नाम से नया जिला तैयार कर दिया गया है।
वे कहते हैं कि इस एक्सपो की घोषणा के बाद से ही यहां पर काम शुरू कर दिया गया था। तकरीबन सात साल पहले शुरू हुए इस काम को कोविड के दौरान जरूर रोका गया लेकिन अब यह पूरी तरीके से बनकर तैयार हो चुका है। यूएई में भारत के राजदूत पवन कपूर कहते हैं की इंडियन पवेलियन अब इस एक्सपो साइट पर हमेशा के लिए बना रहेगा। कपूर ने भी बताया कि इस साइट को डिस्ट्रिक्ट 2020 के नाम से दुबई में नया जिला घोषित किया है।