आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज
पहली तिमाही में आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज का कर पश्चात मुनाफा 61 फीसदी बढ़कर 311 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने बताया कि आय में बढ़ोतरी और मार्जिन में सुधार के चलते उसका मुनाफा बढ़ा। आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने एक बयान में कहा कि कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 193 करोड़ रुपये का कर पश्चात मुनाफा दर्ज किया था। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की आय 37 फीसदी बढ़कर 748 करोड़ रुपये हो गई, जो 30 जून 2020 को समाप्त तिमाही में 546 करोड़ रुपये थी।
बजाज फाइनेंस
वहीं बजाज फाइनेंस का एकीकृत शुद्ध लाभ 4.2 फीसदी बढ़कर 1,002 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 962 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। बीएफएल के एकीकृत परिणाम में उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगियों बजाज हाउसिंग फाइनेंस (बीएचएफएल) तथा बजाज फाइनेंशियल सिक्योरिटीज लिमिटेड (बीफिनसेक) के नतीजे भी शामिल हैं।
तिमाही के दौरान बीएफएल की कुल आय 1.4 फीसदी बढ़कर 6,743 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 6,650 करोड़ रुपये थी। कंपनी की शुद्ध ब्याज आय इस दौरान आठ फीसदी बढ़कर 4,152 करोड़ रुपये से 4,489 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। 30 जून तक कंपनी के प्रबंधन के तहत परिसंपत्तियां (एयूएम) 15 फीसदी बढ़कर 1.59 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गईं, जो एक साल पहले 1.38 लाख करोड़ रुपये थीं।