हरदीप सिंह पुरी और सेल्सो एमोरिम
- फोटो : ANI
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी अपने पुराने मित्र सेल्सो एमोरिम से मुलाकात की। सेल्सो एमोरिम मौजूदा समय में ब्राजील के राष्ट्रपति लुला द सिल्वा के मुख्य सलाहकार हैं। बता दें कि दोनों की मुलाकात स्विट्जरलैंड के दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान हुई।
पुराने मित्र से मिले हरदीप सिंह पुरी
सेल्सो एमोरिम से मिलने के बाद हरदीप सिंह पुरी उन दिनों को याद किए जब वे ब्राजील में भारतीय राजदूत थे और सेल्सो उस समय ब्राजील के विदेश मंत्री थे। इसके अलावा जब हरदीप पुरी यूके में भारतीय दूत के तौर पर नियुक्त हुए थे, तब सेल्सो लंदन में ब्राजील के दूत के तौर पर काम कर रहे थे।
हरदीप पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'अपने पुराने मित्र सेल्सो एमोरिम से मिलकर बहुत खुशी हुई। वह अब ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लुला द सिल्वा के मुख्य सलाहकार हैं। साल 2006 से 2008 तक जब मैं ब्राजील में भारतीय राजदूत के तौर पर काम कर रहा था, तब वह ब्राजील के विदेश मंत्री हुआ करते थे। इससे पहले जब मैं यूके में भारत का डिप्टी उच्चायुक्त के तौर नियुक्त हुआ था, तब वह लंदन में ब्राजील के राजदूत थे।'
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में हरदीप सिंह पुरी के साथ स्मृति ईरानी भी शामिल
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी के साथ वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में शामिल हुए। सोमवार को दोनों नेता अन्य उद्योग जगत के नेताओं के साथ दावोस में वीलीड लाउंज का शुभारंभ किया। यह लाउंज अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भूमिका को प्रदर्शित करता है। इसे महिलाओं के विकास में चर्चा करने के लिए तैयार किया गया है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पूरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति की महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने अपने एक पोस्ट में कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में अपनी सहयोगी श्रीमती स्मृति ईरानी जी के साथ शामिल होकर अच्छा लगा। बता दें कि स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम का 54वां वार्षिक सम्मेलन अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा।