इसलिए बढ़ रहे जियो के ग्राहक
मालूम हो कि पिछले साल के अंत में टेलीकॉम कंपनियों ने अपने टैरिफ बढ़ा दिए थे। रिलायंस जियो ने इसमें 40 फीसदी तक की बढ़ोतरी की थी। इसके बावजूद जियो के कई ऐसे प्लान हैं, जो भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया से करीब 25 फीसदी तक सस्ते हैं। इसलिए ग्राहक जियो को अपना रहे हैं और इसके सब्सक्राइबर्स बढ़ रहे हैं।
टेलीकॉम कारोबार पर असर
मार्च के अंत में केंद्र सरकार ने लॉकडाउन घोषित कर दिया था, जिसका टेलीकॉम कारोबार पर असर पड़ा है। टेलीकॉम सेवाओं से जुड़ी दुकानें बंद थी, जिसकी वजह से लोग नया सिम या कनेक्शन नहीं ले पा रहे थे। वोडाफोन आइडिया की इससे पहले मार्च 2020 को समाप्त वित्त वर्ष के दौरान शुद्ध हानि 73,878 करोड़ रुपये रही। यह किसी भी भारतीय कंपनी को हुई अब तक की सबसे बड़ी वार्षिक हानि है। भारती एयरटेल को तीसरी तिमाही में 1,035 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा हुआ था। जबकि पिछले वित्त वर्ष 2018-19 की इसी तिमाही में उसे 86 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था। रिलायंस इंडस्ट्रीज के फायदे में वित्त वर्ष 2019-20 की चौथी तिमाही में भले ही भारी गिरावट आई है, लेकिन जियो के लिए आखिरी तिमाही बेहतरीन रहा। वित्त वर्ष 2019-20 की चौथी तिमाही में जियो का शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) 177 फीसदी बढ़कर 2,331 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।