दो राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम आ गए है। एक तरफ भाजपा को जम्मू कश्मीर में बड़ा झटका लगा है लेकिन हरियाणा में पार्टी ने तीसरी बार जीत हासिल कर ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किया है। भाजपा की इस जीत का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला। मंगलवार को कारोबार अच्छी तेजी के साथ बंद है। इससे निवेशकों को करीब 8 लाख करोड़ रुपए कमाए।
पिछले छह दिनों से चल रही गिरावट के बाद 7 वे दिन शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 584.81 अंकों की तेजी के साथ 81,634.81 अंकों पर बंद हुआ। इससे पहले सेंसेक्स 81,763.28 अंकों के साथ दिन के हाई पर भी पहुंच गया था। मंगलवार सुबह बाजार दबाव के साथ 80,826.56 अंकों पर ओपन हुआ था। दूसरी तरफ निफ्टी में भी अच्छी तेजी देखने को मिली है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज 217.40 अंकों की तेजी के साथ 25,013.15 अंकों पर बंद हुआ। दिन के पूरे कारोबार के दौरान निफ्टी 25,044 अंकों के साथ दिन के हाई पर भी पहुंचा। मंगलवार सुबह निफ्टी भी दबाव के साथ 24,832.20 अंकों पर ओपन हुआ था।
आंकड़ों के मुताबिक, चुनावी परिणाम वाले दिन आई इस तेजी के कारण निवेशकों को 8 लाख करोड़ रुपए का जबरदस्त इजाफा हुआ है। बीएसई का मार्केट कैप सोमवार को 4,51,99,444.70 करोड़ रुपए था, जो बीएसई के बंद होने के बाद 4,59,76,735.49 करोड़ रुपए देखने को मिला। दरअसल, बीएसई का मार्केट कैप निवेशकों की कमाई से जुड़ा हुआ है। जब भी बीएसई का मार्केट कैप बढ़ता है तो निवेशकों की कमाई होती है। अगर मार्केट कैप गिरता है तो निवेशकों को नुकसान होता है। जबकि एनएसई के शेयरों की बात करें तो ट्रेंट के शेयरों में 8 फीसदी का इजाफा देखने को मिला।
तेजी और गिरावट की ये भी है वजह
देश में आमतौर पर चुनावों के दौरान नतीजों का असर भी शेयर बाजार के कारोबार पर देखा जाता है। मंगलवार को हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में चुनावों के परिणाम के दौरान भी नजर आया। दरअसल, सोमवार को आए इन राज्यों के एग्जिट पोल ने जो अनुमान लगाया था। इससे बाजार का गिरना करीब तय माना जा रहा था। सबसे ज्यादा फोकस हरियाणा पर था। क्योंकि बाजार हरियाणा को लेकर थोड़ा घबराया हुआ था, क्योंकि उद्योग के नजरिये से हरियाणा देश का अहम राज्य है।