फ्यूचर कंज्यूमर सीडीसी इमर्जिंग मार्केट्स को कंपनी की ओर से जारी गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) के मूलधन और ब्याज के रूप में 132.97 करोड़ रुपये का भुगतान में चूक गई है। यह चूक 15 फरवरी, 2024 को हुई। फ्यूचर कंज्यूमर ने भुगतान के लिए मोहलत मांगी है।
नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी इरेडा और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने हरित ऊर्जा परियोजनाओं के वित्तपोषण के लिए समझौता किया है। इरेडा के महाप्रबंधक आरसी शर्मा व पीएनबी के मुख्य महाप्रबंधक राजीव ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस ने यूपी में बीमा कारोबार के विस्तार के तहत अयोध्या में नया कार्यालय खोला है। कंपनी के एमडी-सीईओ तपन सिंघल ने कहा, यूपी में हमारी दमदार उपस्थिति है। हमें भरोसा है कि नया कार्यालय खुलने से हम अयोध्या के नागरिकों की वित्तीय सुरक्षा बढ़ा सकेंगे।
15 मार्च के बाद भी जारी रहेंगी पेटीएम की सेवाएं, कंपनी के मुखिया ने दिया आश्वासन
पेटीएम के संस्थापक और सीईओ विजय शेखर शर्मा ने कहा कि क्यूआर कोड और साउंडबॉक्स सुविधा 15 मार्च के बाद भी काम करती रहेगी क्योंकि कंपनी आरबीआई के प्रतिबंधों के बाद संकट का सामना कर रही है। विजय शेखर शर्मा ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "पेटीएम क्यूआर, साउंडबॉक्स और ईडीसी (कार्ड मशीन) 15 मार्च के बाद भी हमेशा की तरह काम करते रहेंगे। आरबीआई द्वारा जारी नवीनतम एफएक्यू इसे स्पष्ट करता है। पेटीएम के मुखिया ने कहा है कि किसी भी अफवाह में न फंसें और न ही किसी को डिजिटल इंडिया को चैंपियन बनाने से खुद को रोकने दें।