रंगों के त्योहार होली की छुट्टी के बाद शेयर बाजार धड़ाम हो गया। मंगलवार को सेंसेक्स 361.64 अंक गिरकर 72,470.30 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी 92.05 अंक फिसलकर 22,004.70 अंक पर बंद हुआ।
ऐसी रही बाजार की चाल
- स्थानीय शेयर बाजारों में तीन कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर मंगलवार को ब्रेक लगा। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 361 अंक से अधिक के नुकसान में रहा।
- वैश्विक बाजारों के मिले-जुले रुख के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक तथा आईटी शेयरों में बिकवाली से बाजार नीचे आया।
- तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 0.50 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 468.91 अंक तक गिर गया था।
- सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 नुकसान और 10 लाभ में रहे।
- 50 शेयरों पर आधारित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 0.42 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ।
- निफ्टी के 30 शेयर नुकसान और 20 लाभ में रहे।
- एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की नुकसान, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे।