फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Biz Updates: कैग नियुक्ति प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट ने मांगा जवाब, एस्सेल समूह की कंपनियों पर ईडी के छापे

Thu, 25 Jan 2024 07:08 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Business News and Updates: सुप्रीम कोर्ट ने कैग की नियुक्ति प्रक्रिया को चुनौती देने वाली एक याचिका में दी गई दलीलों पर संज्ञान लिया और केंद्र सरकार से इस मामले में जवाब मांगा है।
विज्ञापन
बिजनेस न्यूज एंड अपडेट्स - फोटो : amarujala.com
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सुप्रीम कोर्ट ने नियंत्रक व महालेखा परीक्षक (कैग) की नियुक्ति की प्रक्रिया को इस आधार पर चुनौती देने वाली जनहित याचिका पर गुरुवार को केंद्र से जवाब मांगा कि यह ''स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी नहीं'' है।

विज्ञापन


प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने जनहित याचिका दायर करने वालों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह की दलीलों पर संज्ञान लिया कि कैग की नियुक्ति करने वाली कार्यपालिका की मौजूदा प्रणाली में पारदर्शिता का अभाव है। 

पीठ ने अनुपम कुलश्रेष्ठ और अन्य की जनहित याचिका पर केंद्रीय विधि व न्याय मंत्रालय तथा वित्त मंत्रालयों को नोटिस जारी किया। याचिका में यह घोषित करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है कि कैग की नियुक्ति के लिए अपनाई गई प्रक्रिया भारत के संविधान के जनादेश के खिलाफ है और यह स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी नहीं है।
विज्ञापन


याचिका में कहा गया है कि मौजूदा व्यवस्था के तहत केंद्रीय कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता वाला कैबिनेट सचिवालय शीर्ष सरकारी ऑडिटर की नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री के विचार हेतु छांटे गए नामों की एक सूची प्रधानमंत्री के पास भेजता है।

जनहित याचिका में कहा गया है कि प्रधानमंत्री छांटे गए नामों पर विचार करते हैं और उनमें से एक की सिफारिश राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए राष्ट्रपति से करते हैं और राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद चुने गए व्यक्ति को कैग नियुक्त किया जाता है।

ईडी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार से जवाब मांगा
उच्चतम न्यायालय ने रिश्वत के आरोप में तमिलनाडु सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय की ओर से गिरफ्तार अपने अधिकारी के खिलाफ दर्ज मामले की जांच सीबीआई को स्थानांतरित करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की याचिका पर गुरुवार को तमिलनाडु सरकार से जवाब मांगा। न्यायमूर्ति सूर्य कांत और न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन की पीठ ने तमिलनाडु सरकार को नोटिस जारी किया और दो सप्ताह में जवाब मांगा।

सुप्रीम कोर्ट का यस बैंक धनशोधन से जुड़े मामले में सुनवाई से इनकार

सुप्रीम कोर्ट ने यस बैंक धनशोधन मामले में रीयल्टी कारोबारी संजय छाबड़िया की उस याचिका पर विचार करने से गुरुवार को इनकार कर दिया जिसमें बंबई उच्च न्यायालय के उस आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया गया जिसमें अदालत ने यस बैंक धनशोधन मामले में उसे जमानत देने से इनकार कर दिया था। न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी और न्यायमूर्ति पंकज मित्तल की पीठ ने कहा कि अपराध गंभीर है और उच्च न्यायालय ने हर चीज पर विचार किया। छाबड़िया की ओर से पेश वकील ने तब याचिका वापस ले ली और मामला  खारिज कर दिया गया।

जेट एयरवेज के संस्थापक को कोर्ट से गैस्ट्रो और कोलोनोस्कोपी कराने की अनुमति मिली
मुंबई की एक विशेष अदालत ने केनरा बैंक में 538 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन के एक मामले में गिरफ्तार जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल को मुंबई के एक निजी अस्पताल में गैस्ट्रो और कोलोनोस्कोपी कराने की अनुमति दे दी है। गोयल ने मंगलवार को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) से संबंधित मामलों की सुनवाई करने वाली विशेष अदालत का रुख किया था, जिसमें कहा गया था कि उन्हें प्रक्रिया से गुजरने की सलाह दी गई है जो एक डॉक्टर को किसी व्यक्ति के शरीर के आंतरिक भाग की जांच करने की अनुमति देती है। चिकित्सा इमेजिंग तकनीक का उपयोग शरीर के विभिन्न हिस्सों में रोगों के निदान के लिए किया जाता है। विशेष न्यायाधीश एमजी देशपांडे ने बुधवार को मध्य मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद गोयल को दो दिन के लिए अपने डॉक्टर मुफ्फजल लकड़ावाला के अस्पताल में गैस्ट्रो और कोलोनोस्कोपी कराने की अनुमति दे दी।

जेएसडब्ल्यू समूह ने रक्षा क्षेत्र में कदम रखने की घोषणा की
जेएसडब्ल्यू समूह ने गुरुवार को रक्षा क्षेत्र में रणनीतिक प्रवेश की घोषणा करते हुए एक नए कारोबारी क्षेत्र की स्थापना की जो घरेलू और विदेशी बाजारों पर ध्यान केंद्रित करेगा। कंपनी ने कहा कि जेएसडब्ल्यू डिफेंस एंड एयरोस्पेस (जेएसडब्ल्यू डिफेंस) न केवल भारतीय सशस्त्र बलों को अत्याधुनिक उपकरणों की आपूर्ति करेगी, बल्कि वैश्विक स्तर पर खुद को एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में स्थापित करेगी। कंपनी का 5 बिलियन डॉलर की रक्षा निर्यात अर्थव्यवस्था बनने की भारत की महत्वाकांक्षा में योगदान देने का है। कंपनी ने कहा कि जेएसडब्ल्यू डिफेंस ने अपने पहले ही उद्यम के तहत एक ऑफ-रोड वाहन कंपनी गेको मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड में बहुलांश हिस्सेदारी हासिल कर ली है।

ईडी ने शिवसेना यूबीटी नेता को तीसरी बार किया तलब
मनी लॉन्ड्रिंग केस जुड़े मामले में ईडी ने शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता रवींद्र वायकर को तीसरी बार तलब किया है, उन्हें पूछताछ के लिए 29 जनवरी को ईडी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।

आरएफएल मनी लॉन्ड्रिंग मामला: एस्सेल समूह की कंपनियों पर ईडी के छापे
प्रवर्तन निदेशालय ने रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड (आरएफएल) से 2,000 करोड़ रुपये से अधिक के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मुंबई में एस्सेल समूह की कंपनियों पर छापा मारा। इस दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए और कर्मचारियों के बयान दर्ज किये गए। ईडी ने बताया कि एस्सेल समूह के एक पूर्व वरिष्ठ अधिकारी के आवासीय परिसरों पर बुधवार को छापा मारा गया।

इसके अलावा कोंटी इंफ्रापावर एंड मल्टीवेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड, एडिसन इंफ्रापावर एंड मल्टीवेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड, एशियन सैटेलाइट ब्रॉडकास्ट लिमिटेड, वाइडस्क्रीन होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड, जयनीर कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड, स्पिरिट इंफ्रापावर एंड मल्टीवेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े तीन परिसरों में भी तलाशी ली गई। एस्सेल समूह मीडिया दिग्गज सुभाष चंद्रा द्वारा प्रवर्तित है और प्रमुख मीडिया और मनोरंजन कंपनियों में इसकी हिस्सेदारी है, जिसमें जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड, जी मीडिया कॉरपोरेशन और डिश टीवी शामिल हैं।

ईडी ने दिल्ली पुलिस की ईओडब्ल्यू की दर्ज एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की है। एफआईआर के मुताबिक रेलिगेयर समूह की एक गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड (आरएफएल) ने चार कंपनियों के खिलाफ गलत तरीके से नुकसान पहुंचाने के लिए आपराधिक साजिश रचने का आरोप लगाया था। इसमें कहा गया है कि आरएफएल ने 150 करोड़ रुपये का ऋण नहीं चुकाया है।

यस बैंक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संजय छाबड़िया को राहत नहीं
सुप्रीम कोर्ट ने बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ रियाल्टार संजय छाबड़िया की याचिका पर विचार करने से इन्कार कर दिया। हाईकोर्ट ने छाबड़िया को यस बैंक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में डिफॉल्ट जमानत देने से मना कर दिया था। जस्टिस बेला एम त्रिवेदी और जस्टिस पंकज मिथल की पीठ ने कहा कि अपराध गंभीर है और हाईकोर्ट ने हर चीज पर विचार किया है। इसके बाद छाबड़िया के वकील ने याचिका वापस ले ली और मामले का निपटारा हो गया।  

जी एंटरटेनमेंट ने डिज्नी से भी रद्द किया सौदा
सोनी ग्रुप के साथ विलय समझौता रद्द होने के बाद जी एंटरटेनमेंट ने अब डिज्नी के साथ भी सौदा रद्द कर दिया है। जी एंटरटेनमेंट ने कहा, वह डिज्नी से हासिल किए गए क्रिकेट टीवी अधिकारों के लिए 11,629 करोड़ रुपये का भुगतान करने के सौदे पर आगे नहीं बढ़ेगी। सूत्रों का दावा है कि दोनों कंपनियों के बीच सौदा खत्म हो गया है। जी एंटरटेनमेंट अभी भुगतान करने की स्थिति में नहीं हैं।  

बता दें कि जी एंटरटेनमेंट हाल के हफ्तों में डिज्नी को पहले 20 करोड़ डॉलर के भुगतान से चूक गई थी। उसने डिज्नी को बताया कि वह सौदे से पीछे हट रही है। जी एंटरटेनमेंट ने अगस्त में बताया कि उसने 2024 से शुरू होने वाले चार वर्षों के लिए कुछ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीवी प्रसारण अधिकार लेने के लिए डिज्नी से एक रणनीतिक लाइसेंस समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
 
अगले वित्त वर्ष में 2.7 फीसदी बढ़ सकती है ईंधन की खपत
देश की ईंधन खपत अगले वित्तीय वर्ष में 2.7 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है। सरकारी अनुमानों के अनुसार, 2024-25 में ईंधन की खपत चालू वित्त वर्ष के 23.25 करोड़ टन के संशोधित अनुमान से बढ़कर 23.89 करोड़ टन पहुंच सकती है। तेल मंत्रालय की इकाई पेट्रोलियम योजना एवं विश्लेषण सेल (पीपीएसी) की वेबसाइट के आंकड़ों के अनुसार, पेट्रोल की घरेलू मांग 5.4 फीसदी बढ़कर 3.92 करोड़ टन पहुंच सकती है। डीजल की खपत 2.7 फीसदी बढ़कर 9.24 करोड़ टन होने की उम्मीद है।  

पीएनबी : मुनाफा तीन गुना बढ़कर 2,223 करोड़
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही का मुनाफा तीन गुना से अधिक बढ़कर 2,223 करोड़ रुपये पहुंच गया। पीएनबी ने बताया, कुल आय 25,722 करोड़ से बढ़कर 29,962 करोड़ रुपये रही। ब्याज आय 22,384 करोड़ से बढ़कर 27,289 करोड़ रुपये पहुंच गई। बैंक का सकल एनपीए 9.76 फीसदी से कम होकर 6.24 फीसदी रह गया।  

सैमसंग स्टोर पर एक ही जगह मिलेंगे सभी उत्पाद
भारतीय ग्राहकों की सुविधा के लिए सैमसंग ने नई पहल की है। अब कंपनी का कोई भी उत्पाद ऑनलाइन खरीदकर आप दो घंटे में उसके स्टोर से इसे ले सकते हैं। यह नया स्टोर मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स (बीकेसी) में खोला गया है। इस स्टोर से हाल में लॉन्च गैलेक्सी एस24 की प्री बुकिंग भी शुरू हो गई है। नए स्टोर में स्मार्टफोन से लेकर टेलीविजन, रेफ्रिजरेटर व अन्य उत्पाद भी मिलेंगे।  

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें