दो हजार रुपये मूल्य के 97.96 प्रतिशत नोट बैंकों के पास वापस आ गये हैं। अब लोगों के बीच 7,261 करोड़ रुपये के नोट बचे हैं। भारतीय रिजर्व बैंक ने सोमवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।
केंद्रीय बैंक ने 19 मई, 2023 को 2000 रुपये मूल्य के बैंक नोट को चलन से वापस लेने की घोषणा की थी। केंद्रीय बैंक ने कहा कि जब यह फैसला लिया गया था उस समय चलन में 2000 रुपये के बैंक नोट का कुल मूल्य कारोबार की समाप्ति पर 3.56 लाख करोड़ रुपये था। इस साल 30 अगस्त को कारोबार समाप्ति पर यह घटकर 7,261 करोड़ पर आ गया।
भारतीय रिजर्व बैंक ने अपने एक बयान में कहा, ‘‘इस प्रकार, 19 मई, 2023 तक चलन में रहे 2000 रुपये के 97.96 प्रतिशत बैंक नोट बैंकों के पास वापस आ गये हैं।’’ दो हजार रुपये के बैंक नोट को जमा करने या बदलने की सुविधा सात अक्टूबर, 2023 तक देश में सभी बैंक शाखाओं में उपलब्ध थी।
इस मूल्य के बैंक नोट को बदलने की सुविधा 19 मई, 2023 से रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में उपलब्ध है। नौ अक्टूबर, 2023 से आरबीआई के निर्गम कार्यालय भी व्यक्तियों और संस्थाओं से उनके बैंक खातों में जमा करने के लिए 2000 रुपये के बैंक नोट स्वीकार कर रहे हैं। इसके अलावा, लोग अपने बैंक खातों में राशि जमा करने के लिए देश के किसी भी डाकघर से आरबीआई के किसी भी निर्गम कार्यालय में 2000 रुपये के नोट भेज सकते हैं।
बैंक नोटों को जमा लेने और विनिमय करने वाले 19 आरबीआई कार्यालय अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम में हैं। नवंबर, 2016 में 1000 रुपये और 500 रुपये के बैंक नोट को चलन से हटाने के बाद 2000 रुपये के बैंक नोट लाए गए थे।