रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL)
- फोटो : पीटीआई
न्यू अंब्रेला एंटिटी (NUE) की स्थापना के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने गूगल और फेसबुक के साथ साझेदारी की है। इससे कंपनी यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) जैसा एक पेमेंट नेटवर्क बना सकेगी और भारत के डिजिटल पेमेंट मार्केट में हिस्सा प्राप्त कर सकेगी।
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह एनयूई संयुक्त रूप से रिलायंस और इंफिबीम एवेन्यूज लिमिटेड की सहायक कंपनी सो हम भारत द्वारा प्रमोट किया जाएगा। इसमें फेसबुक और गूगल की हिस्सेदारी कम होगी। इस संदर्भ में कंपनियां जल्द ही भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को अपना प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकती हैं।
न्यू अंब्रेला एंटिटी की रेस में हैं ये कंसोर्टियम ऑफ कंपनीज-
- रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंफिबीम एवेन्यूज, गूगल और फेसबुक
- टाटा समूह, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, मास्टकार्ड, भारती, पे यू
- अमेजन, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, पाइन लैब्स, बिलडेस्क और वीजा कार्ड
- पेटीएम, इंडसइंड बैंक, ओला फाइनेंशियल, सेंट्रम फाइनेंस, जेटापे और ईपीएस
नवीन सूर्या को नियुक्त किया गया प्रबंध निदेशक
मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि Itzcash के पूर्व संस्थापक और भुगतान उद्योग के दिग्गज नवीन सूर्या को प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी नियुक्त किया गया है। एनयूई की सहायता से ये कंपनियां यूपीआई की तरह पेमेंट नेटवर्क तैयार कर सकेंगी।
भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जल्द ही कंसोर्टियम का प्लान केंद्रीय बैंक के समक्ष पेश किया जाएगा। बोली की औपचारिक प्रस्तुति के बाद अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए पिछले कुछ महीनों से इन कंपनियों के प्रतिनिधि केंद्रीय बैंक के साथ इस मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं।
केंद्रीय बैंक ने बढ़ाई थी एप्लिकेशन भरने की अंतिम तारीख
मालूम हो कि भारतीय रिजर्व बैंक ने न्यू अंब्रेला एंटिटी यानी NUE के लिए एप्लिकेशन भरने की अंतिम तारीख को बढ़ाकर 31 मार्च 2021 तक कर दिया है। जबकि इससे पहले एप्लिकेशन भरने की अंतिम तारीख 26 फरवरी 2021 थी। इस संदर्भ में आरबीआई ने कहा कि कोविड-19 से संबंधित व्यवधानों और असुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अवधि को बढ़ाने के लिए भारतीय बैंक संघ सहित विभिन्न हितधारकों से अनुरोध प्राप्त हुए हैं। इसलिए यह निर्णय लिया गया है कि आवेदन करने की अवधि को 31 मार्च 2021 तक बढ़ाया जाए।