प्रत्येक बुलेट ट्रेन में 10 कोच होंगे, जिसमें से एक बिजनेस क्लास कोच होगा। दिन भर में 70 ट्रेन चलाने की फिलहाल योजना है। सभी ट्रेनों के लिए अहमदाबाद में ही रेल टर्मिनल बनेगा। मुंबई से अहमदाबाद के बीच चलने वाली बुलेट ट्रेन 508 किलोमीटर का सफर 2 घंटे और सात मिनट में पूरा करेगी। वहीं इसको पूरा करने की डेडलाइन को भी कम कर दिया गया है। अब इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन अधिग्रहण करने का काम नेशनल हाई स्पीड रेलवे कॉर्पोरेशन जल्द शुरू करेगा।
यह हो गई है नई डेडलाइन
कार्पोरेशन ने इस प्रोजेक्ट के लिए पहले से तय डेडलाइन को घटा दिया है। पहले इसके लिए 2023 की डेडलाइन रखी गई थी। लेकिन अब 15 अगस्त 2022 को आजादी के 75 साल पूरे होने पर बुलेट ट्रेन देश में चलना शुरू हो जाएगी।
एक बार में सफर कर सकेंगे 750 यात्री
बुलेट ट्रेन की शुरुआत में एक तरफ से 750 यात्री यात्रा कर सकेंगे। जब ज्यादा लोग इससे यात्रा करने लगेंगे तो फिर कोच की संख्या बढ़ा दी जाएगी, जिससे एक बार में 1250 यात्री सफर कर सकेंगे।
हर 20 मिनट में मिलेगी एक ट्रेन
सुबह 7 बजे से 10 बजे तक और शाम को 5 से रात्रि 9 बजे के बीच हर 20 मिनट के अंतराल पर एक ट्रेन चलाई जाएगी। वहीं नॉन पीक समय में दो ट्रेनें चलेंगी। ट्रेन भी दो तरह की होंगी। पहली जो सभी 12 स्टेशनों पर रुकेगी और दूसरी जिनका ठहराव कुछ चुनिंदा स्टेशनों पर होगा। बुलेट ट्रेन का टर्मिनस साबरमती स्टेशन पर बनेगा। मुंबई के बीकेसी स्टेशन पर ट्रेन जाकर के वापस आ जाएगी।