आरबीआई के रेपो दर बढ़ाने के बाद के एक दिन बाद ही इसका असर दिखने लगा है। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) और आईसीआईसीआई समेत पांच बड़े बैंकों ने अपना कर्ज 0.50 फीसदी तक महंगा कर दिया है। आने वाले समय में कुछ और बैंक भी दरें बढ़ा सकते हैं।
पीएनबी : 0.50 फीसदी की वृद्धि
सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने अपना कर्ज 0.50 फीसदी महंगा कर दिया है। नई दरें 9 जून से लागू हैं। बैंक की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, संशोधन के बाद रेपो दर आधारित ब्याज दर को बढ़ाकर 7.4 फीसदी कर दिया गया है। पहले 6.90 फीसदी ब्याज दर ग्राहकों को कर्ज मिल जाता था।
इंडियन ओवरसीज बैंक
बैंक ने रेपो दर आधारित कर्ज की दर को बढ़ाकर 7.75 फीसदी कर दिया है। नई दरें 10 जून से लागू हैं।
बैंक ऑफ इंडिया : 7.75% पर मिलेगा कर्ज
बैंक ऑफ इंडिया ने भी कर्ज की ब्याज दर में 0.50% बढ़ोतरी की है। नई दरें 8 जून से लागू हैं। अब ग्राहकों को कर्ज देने के लिए 7.7% ब्याज चुकाना होगा। पहले यह दर 7.25 फीसदी थी।
बैंक ऑफ बड़ौदा
बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने भी अपने ग्राहकों के लिए कर्ज महंगा कर दिया है। बैंक ने बताया कि उसने बीआरएलएलआर को बढ़ाकर 7.40 फीसदी कर दिया है। नई दरें 9 जून से लागू हैं।
आईसीआईसीआई
आईसीआईसीआई बैंक ने बाहरी बेंचमार्क उधारी दर (ईबीएलआर) को 0.50 फीसदी बढ़ाकर 8.60 फीसदी कर दिया है। पहले यह दर 8.10 फीसदी थी। नई दरें 8 जून से लागू हैं।
एचडीएफसी लि.
एचडीएफसी लिमिटेड ने होम लोन के लिए रिटेल प्राइम लेटिंग रेट (आरपीएलआर) में 0.50 फीसदी की बढ़ोतरी की है। इस वृद्धि के बाद नई दरें 10 जून, 2022 से लागू हैं।
कोटक बैंक देगा ज्यादा ब्याज
कोटक महिंद्रा बैंक ने बचत खाते में 50 लाख रुपये से ज्यादा जमा पर 0.50 फीसदी ज्यादा ब्याज देने की घोषणा की है। टर्म डिपॉजिट पर ब्याज भी 0.25% बढ़ाया है।
35 दिन में इतना बढ़ा रेपो रेट
गौरतलब है कि आरबीआई ने बुधवार को द्विमासिक मौद्रिक समीक्षा (एमपीसी) की बैठक के बाद प्रमुख नीतिगत ब्याज दरों (रेपो रेट) में 50 बेसिस प्वाइंट यानी 0.50 फीसदी बढ़ाकर 4.9 फीसदी कर दिया है। इससे पहले बीते चार मई को ही केंद्रीय बैंक ने रेपो रेट में 40 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की थी। यानी सिर्फ 35 दिनों के अंतराल में दर 0.90 फीसदी की वृद्धि की गई।