देश में त्योहारी सीजन नजदीक आ रहा है और इसके साथ ही अग्रणी ई-कॉमर्स कंपनियां भी अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं। त्योहारी सीजन, ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए काफी अहम माना जाता है। इस दौरान कंपनियां अपने ग्राहकों के लिए भारी छूट की पेशकश करती हैं। अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी दिग्गज कंपनियां तो इसके लिए दो से तीन दिन तक सेल चलाती हैं। ग्राहकों को भी इस दौरान काफी लाभ होता है।
हालांकि, इस बार अमेजन और फ्लिपकार्ट के बीच सेल की तारीख को लेकर विवाद चल रहा था। फ्लिपकार्ट ने पहले एलान किया था कि वह अपनी बिग बिलियन डे सेल सात से 12 अक्तूबर के बीच चलाएगी। इसके कुछ दिन बाद अमेजन ने अपनी ग्रेट इंडियन फेस्टिवल सेल चार अक्तूबर को शुरू करने की घोषणा कर दी। इस पर फ्लिपकार्ट ने अपनी सेल की तारीख में बदलाव करते हुए इसे तीन अक्तूबर कर दिया।
हालांकि, अब इन दोनों दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनियों के बीच तारीख का मसला सुलझ गया है। अब दोनों ही कंपनियां अपनी-अपनी सेल की शुरुआत एक साथ तीन अक्तूबर से करेंगी। बता दें कि दोनों ई-कॉमर्स कंपनियां प्रीमियम सदस्यता की पेशकश करती हैं और इन सेल के दौरान प्रीमियम सदस्यों को प्राथमिकता दी जाती है। दोनों कंपनियों की यह सेल भी प्रीमियम या प्राइम सदस्यों के लिए दो अक्तूबर से शुरू हो जाएगी।