कर्मियों से बोले सीईओ पराग-मस्क के प्रस्ताव से न डरें, ट्विटर ‘बंधक’ नहीं
अरबपति एलन मस्क के ट्विटर को खरीदने के प्रस्ताव से खौफजदा हुए कर्मचारियों को कंपनी सीईओ पराग अग्रवाल ने पहली बार सामने आकर आश्वस्त किया है। कर्मचारियों के साथ हुई एक बैठक में अग्रवाल ने कहा है कि ट्विटर सौ फीसदी हिस्सेदारी लेने की किसी पेशकश से ‘बंधक’ नहीं हो गई है। आप ध्यान लगाकर काम करते रहिए और ऐसी खबरों से घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
बृहस्पतिवार को स्लैक मैसेजिंग सर्विस पर हुए लंबे वार्तालाप में सीईओ ने कर्मचारियों की शंकाओं को दूर करते हुए कहा कि कंपनी में जो कुछ घटित होता है, हम (कर्मचारी) उसे नियंत्रित करते हैं। बता देें कि यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब टेस्ला के मालिक मस्क ने 43 अरब डॉलर (करीब 3.2 लाख करोड़ रुपये) में ट्विटर को खरीदने का ऑफर दिया है।
इससे पहले कंपनी ने उन्हें बोर्ड में सीट की पेशकश की थी, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था।मस्क के पास अब तक कंपनी की नौ फीसदी हिस्सेदारी है और वे इसे एक मुक्त अभिव्यक्ति मंच के साथ-साथ निजी कंपनी बनाना चाहते हैं। उनके ऑफर को लेकर अग्रवाल ने कर्मचारियों को बताया है कि बोर्ड इसकी समीक्षा कर रहा है। हालांकि फिलहाल वह इस बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं कर सकते।
सवाल-जवाब सत्र के दौरान एक कर्मचारी ने अग्रवाल से पूछ डाला कि ट्विटर ने मस्क को बोर्ड में सीट की पेशकश कैसे की। क्या हम किसी भी अरबपति को इस तरह आमंत्रित करने लगे हैं। इस पर अग्रवाल ने कहा, बोर्ड शेयरधारकों के हित को ध्यान में रखते हुए फैसले लेता है। सीईओ बोले, जो लोग हमारी सेवाओं के आलोचक होते हैं, हमें उनकी आवाज को तवज्जो देनी चाहिए। ताकि हम सीख कर बेहतर बन सकें।