विमानन नियामक डीजीसीए ने एयर इंडिया से उन खबरों पर रिपोर्ट मांगी है जिनमें एक विमान को बारबाडोस से भारतीय क्रिकेट टीम को रवाना करने के लिए तैनात किए जाने की बात कही गई है। ऐसी खबरें हैं कि एयर इंडिया ने विमान को बारबाडोस में तैनात किया था जो मूल रूप से नेवार्क से दिल्ली के लिए एक निर्धारित उड़ान संचालित करने वाला था पर इसका संचालन नहीं होने से यात्रियों को दिक्कत हुई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इस मामले में एयर इंडिया से रिपोर्ट मांगी है।
टी20 विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की उम्मीद है। वे बारबाडोस के ग्रांटले एडम्स अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से चार्टर्ड विमान से आ रहे हैं, जिस पर विशेष कॉल साइन - AIC24WC - एयर इंडिया चैंपियंस 24 विश्व कप लगाया गया है। एयर इंडिया के एक अधिकारी ने कहा कि बारबाडोस में बोइंग 777 विमान की तैनाती से यात्रियों को कोई असुविधा नहीं हुई।
नेवार्क से दिल्ली जाने वाली दो जुलाई की उड़ान के लिए जिन यात्रियों ने टिकट बुक कराए थे, उनमें से ज्यादातर को पहले ही सूचना दे दी गई थी। हालांकि, कुछ यात्री जिन्हें उड़ान रद्द होने के बारे में सूचित नहीं किया जा सका, वे हवाई अड्डे पर आए और उन्हें सड़क मार्ग से न्यूयॉर्क ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि इन यात्रियों को न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहे विमान में जगह दी गई। बेरिल तूफान के कारण क्रिकेट टीम के प्रस्थान में देरी हुई और चार्टर्ड उड़ान की व्यवस्था भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा की गई थी।