डीजीसीए ने नियमों का पालन नहीं करने पर एयर इंडिया पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। डीजीसीए ने बताया है कि 3 नवंबर 2023 को एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसमें संबंधित नियमों के प्रावधानों का पालन न करने के लिए उनका जवाब मांगा गया था
एयर इंडिया एक्सप्रेस के चालक दल के कई सदस्यों ने दो उड़ानों के बीच के समय (लेओवर) के दौरान कमरा साझा करने के फैसले पर चिंता जताई है। चालक दल ने दावा किया कि इस तरह के कदम के चलते उड़ान से पहले किसी बाधा के बिना आराम करने में कठिनाइयां होती है।
दूसरी ओर एयरलाइन ने कहा है कि कमरा साझा करना कई अन्य एयरलाइंस द्वारा अपनाई जाने वाली बाजार प्रथा के अनुरूप है। सूत्रों के मुताबिक, चालक दल के सदस्यों ने कुछ सदस्यों के सेवा अनुबंधों में कटौती के साथ ही एयरलाइन में मूल्यांकन प्रक्रिया के बारे में भी चिंता जताई है।
लाभ कमाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस इस समय घाटे में चल रही एआईएक्स कनेक्ट (पूर्व में एयरएशिया इंडिया) को अपने साथ विलय करने की प्रक्रिया में है। चालक दल के सदस्यों को बाहरी स्टेशनों पर पांच सितारा या चार सितारा होटल में एक कमरा दिया जाता था। ताजा फैसले के बाद अब एक कमरा दो सदस्यों को साझा करना होगा।
सूत्रों ने कहा कि चालक दल के कई सदस्यों ने कमरा साझा करने और अन्य मुद्दों को लेकर एयरलाइन प्रबंधन को ई-मेल लिखा है। ई-मेल में यह भी दावा किया गया है कि कई सदस्यों के अनुबंध को पांच साल से घटाकर एक साल कर दिया गया है और इस कटौती से काम का माहौल खराब हो रहा है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि एआईएक्स कनेक्ट और एआई एक्सप्रेस के एकीकरण के तहत दोनों संस्थाओं की नीतियों और प्रथाओं के बीच तालमेल बैठाया जा रहा है। इस संबंध में सभी हितधारकों की राय सुनी जाएगी।
रेडबर्ड उड़ान अकादमी के रखरखाव मंजूरी पर डीजीसीए ने रोक लगाई
नागर विमान महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बुधवार को ऑडिट में कमियां पाए जाने के बाद विमानों के रखरखाव के लिए रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी को दी गई मंजूरी पर रोक लगा दी है। विमानन नियामक ने यह कदम पिछले महीने हुई क्रैश लैंडिंग की दो घटनाओं के बाद उठाया है।
अक्टूबर में एक सप्ताह के भीतर अकादमी के विमानों के गलत ढंग से उतरने (क्रैश लैंडिंग) की दो घटनाओं के बाद डीजीसीए ने रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी के सभी केंद्रों का संचालन निलंबित कर दिया है। क्रैश लैंडिंग की दो घटनाओं में से एक में चालक दल को मामूली चोटें भी आई थीं। ये घटनाएं 19 अक्टूबर और 22 अक्टूबर को हुई थीं।
विमान प्रशिक्षण देने वाली अकादमी रेडबर्ड के पास 30 विमानों का बेड़ा है। इनमें सिंगल और ट्विन इंजन दोनों तरह के विमान शामिल हैं। डीजीसीए ने प्रशिक्षण अकादमी के महाराष्ट्र के बारामती में स्थित मुख्य केंद्र और मध्य प्रदेश के सिवनी, कर्नाटक के कलबुर्गी एवं बेलगावी और असम के लीलाबाड़ी स्थित चार उप-केंद्रों का विशेष रखरखाव ऑडिट किया था।