नागरिक उड्डयन सचिव राजीव बंसल ने गुरुवार को कहा कि एयर इंडिया के विनिवेश से इस राष्ट्रीय एयरलाइंस का पेशेवर तरीके से और विकास होगा। इसमें एयर इंडिया के चौड़े विमानों का बेहतर उपयोग और इन-फ्लाइट सेवाओं को अपग्रेड करना शामिल है। बंसल, एयर इंडिया के चेयरमौन और प्रबंध निदेशक के तौर पर प्रभारी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर उपयोग से विमानों के उड़ान के घंटों में भी इजाफा होगा।
वहीं, आने वाले समय में एक नई एयरलाइंस के काम शुरू करने की संभावना और जेट एयरवेज के पुनरुद्धार को लेकर बंसल ने कहा कि इस क्षेत्र में जितने अधिक खिलाड़ी आएंगे, क्षेत्र के लिए उतना ही बेहतर होगा और उपभोक्ताओं को भी फायदा मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि इससे बाजार का वर्चस्व और एकाधिकार कम होता है और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलता है, जिससे आखिरकार उपभोक्ताओं को लाभ मिलता है।