भारती एयरटेल के एक दिन बाद वोडाफोन आइडिया ने भी टैरिफ 25 फीसदी तक महंगा कर दिया है। कंपनी ने मंगलवार को कहा कि सभी 16 प्लान में मोबाइल कॉल और डाटा की कीमतों में 18-25 फीसदी तक बढ़ोतरी की गई है। नई दरें 25 नवंबर से प्रभावी होंगी। लगातार अपने ग्राहक खोने के बावजूद वोडाफोन आइडिया ने दरों में बढ़ोतरी की है। उधर, विश्लेषकों का मानना है कि जियो भी जल्द मोबाइल दरों में वृद्धि करेगी।
पीएनबी ने बचत खाते पर ब्याज दरें घटाईं
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने बचत खाते पर ब्याज दरों को 2.90% से घटाकर 2.80 फीसदी करने का फैसला किया है। नई दरें 1 दिसंबर से लागू होंगी। बैंक ने कहा, 10 लाख रुपये से कम वाले बचत खाते पर दरों में 10 आधार अंकों और 10 लाख से ज्यादा रकम वाले खाते पर 5 आधार अंकों की कटौती की जाएगी।
नवंबर में राज्य सरकारों को 95,082 करोड़ मिले
केंद्र ने नवंबर में राज्यों को कर हस्तांतरण की दो किस्तो के रूप में 95,082 करोड़ रुपये जारी किए हैं। राज्यों को कर हंस्तातरण की सामान्य मासिक किस्त 47,541 करोड़ रुपये के स्थान पर यह राशि जारी की गई है। इससे राज्यों की राजकोषीय स्थिति मजबूत होगी। यूपी को सबसे अधिक 17,056 करोड़ जारी किए गए हैं।
नोब्रोकर डॉट कॉम बनी पहली प्रॉपटेक यूनिकॉर्न
रियल एस्टेट मंच नोब्रोकर डॉट कॉम एक अरब डॉलर की पूंजी के साथ देश की पहली प्रॉपटेक यूनिकॉर्न बन गई है। कंपनी ने कहा कि उसने जनरल अटलांटिक और टाइगर ग्लोबल जैसे निवेशकों से 21 करोड़ डॉलर (1,575 करोड़) जुटाए हैं। प्रॉपटेक का मतलब है रियल एस्टेट क्षेत्र में तकनीक का इस्तेमाल।
मोबीक्विक अभी नहीं लाएगी अपना आईपीओ
पेटीएम की खराब लिस्टिंग के बाद बाजार के माहौल को देखते हुए फिनटेक स्टार्टअप मोबीक्विक अपना आईपीओ कुछ महीनों के लिए टाल सकती है। कंपनी ने जुलाई में 1,900 करोड़ का आईपीओ लाने के लिए बाजार नियामक सेबी के पास दस्तावेज जमा कराए थे।