देश के डिजिटल पैमेंट कारोबार की अग्रणी कंपनी पेटीएम और उसके लाखों निवेशकों को इन दिनों भारी निराशा का सामना करना पड़ रहा है। पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन 97 कम्यूनिकेशंस के आईपीओ की शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद से उसके शेयर के दाम लगातार गिर रहे हैं। उसका इश्यू मूल्य 19.9 अरब डॉलर था, जो मात्र दो कारोबारी सत्रों में ही गिरकर 11.2 अरब डॉलर रह गया है। इसमें 8.7 अरब डॉलर (60 हजार करोड़ रुपये ) की गिरावट आई है।
पेटीएम का शेयर सोमवार को कारोबार के दौरान 1292 रुपये तक आ गया, जबकि यह 2150 रुपये में जारी हुआ था। हालांकि सोमवार को सत्र की समाप्ति तक यह सुधरकर 1362 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का बाजार मूल्य सोमवार को घटकर 84,032 करोड़ रुपये (11.2 अरब डॉलर) पर आ गया।
ऐसा लगता है कि पेटीएम के बारे में ग्लोबल इन्वेस्टमेंट बैंक मैक्वेरी का अनुमान सच होने जा रहा है। इस फर्म ने पेटीएम के शेयर के दाम 1200 रुपये रहने का अनुमान जताया था। यदि ऐसी ही गिरावट जा रही तो पेटीएम के शेयर के दाम 1200 रुपये तक पहुंचने में देर नहीं लगेगी। इससे निवेशकों को मुनाफा तो दूर की बात है मूल दाम में ही 44 फीसदी की मोटी गिरावट का सामना करना पड़ सकता है।
जोमैटो ने किया बेहतर प्रदर्शन
पेटीएम के उलट जोमैटो के आईपीओ ने बेहतर प्रदर्शन किया था। फरवरी 2021 में उसका बाजार पूंजीकरण 5.8 अरब डॉलर था, जो आईपीओ आने के बाद अब करीब तीन गुना बढ़कर 16.4 अरब डॉलर हो गया है।
अब तक का सबसे बड़ा 18,300 करोड़ रुपये का आईपीओ लेकर उतरी पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशन के शेयरों में लिस्टिंग के दिन से शुरू हुई गिरावट अभी भी जारी है। फिलहाल इसके शेयर की कीमत इश्यू प्राइस से लगभग 36 फीसदी तक कम हो चुकी है।
ब्रोकरेज फर्म 'मैक्वायरी' ने सोमवार के पेटीएम पर अपनी दूसरी रिपोर्ट प्रकाशित की। इस रिपोर्ट में भी फर्म ने पहली की तरह ही टारगेट 1200 बरकरार रखा और 'अंडरपरफॉर्म' (कमजोर प्रदर्शन) रेटिंग दी। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि पेटीएम की वैल्यूएशन काफी ज्यादा किया गया था।