डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ रुपया
विदेशी कोषों के निरंतर प्रवाह के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा के कमजोर होने से शुक्रवार को रुपया लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में मजबूत हुआ और छह पैसे की बढ़त के साथ 83.14 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया। हालांकि मुद्रा कारोबारियों के अनुसार शेयर बाजार की कमजोर धारणा और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव से रुपये में तेजी का रुख प्रभावित हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 83.14 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और 83.12 से 83.16 रुपये प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार करता दिखा। इसके बाद स्थानीय इकाई ने डॉलर के मुकाबले 83.14 पर कारोबार किया, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 6 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपये में लगातार दूसरे दिन तेजी दर्ज की गई है। गुरुवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 14 पैसे की मजबूती के साथ 83.20 के स्तर पर बंद हुआ था।