भारतीय शेयर बाजार में आज भी गिरावट का दौर जारी रहा। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स गुरुवार को लाल निशान पर बंद हुए। वैश्विक बाजारों में बड़े पैमाने पर नकारात्मक रुख और विदेशी फंड की लगातार निकासी के चलते यह कमी आई है। 30 शेयरों वाला बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 433.13 अंक या 0.72 फीसदी की गिरावट के साथ अपने 60 हजार के स्तर से नीचे आ गया। गुरुवार को सेंसेक्स 59,919.69 के स्तर पर बंद हुआ।
एनएसई का निफ्टी भी टूटकर बंद
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी गुरुवार को गिरावट के साथ खुला और पूरे दिन के कारोबार के दौरान लाल निशान पर कारोबार करता दिखाई दिया। कारोबार के अंत में निफ्टी में पिछले सत्र के मुकाबले 143.60 अंकों या 0.80 फीसदी की कमी आई। इस कमी के कारण निफ्टी आज अपने 18 हजार के स्तर के नीचे आकर 17,873.60 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स 600 अंक तक फिसला करोबार के दौरान
अभी तक के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 600 अंक तक फिसल चुका है। इस बड़ी गिरावट के चलते निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। ताजा हाल की बात करें तो 30 शेयरों वाला बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 539.42 अंक या 0.89 फीसदी की गिरावट के साथ 59,813.40 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह एनएसई का निफ्टी 173 अंक या 0.96 फीसदी गिरकर 17,844.50 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। टाटा स्टील के शेयरों में जोरदार बढ़त देखी जा रही है।
एसबीआई के शेयरों में भारी बिकवाली
शेयर बाजार में एसबीआई के शेयरों में भारी बिकवाली देखी गई। उसके शेयर करीब तीन फीसदी तक लुढ़क गए। बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा, सन फार्मा, बजाज फाइनेंस और एक्सिस बैंक के लिए भी आज का दिन अच्छा नहीं रहा। दूसरी तरफ टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और टीसीएस सबसे ज्यादा फायदे में रहे। आनंद राठी फर्म के इक्विटी अनुसंधान प्रमुख नरेंद्र सोलंकी ने कहा कि भारतीय बाजार एशियाई बाजारों के मिलेजुले रुख और अमेरिका में मुद्रास्फीति आंकड़ों के उम्मीद से ज्यादा रहने से नकारात्मक धारणा के साथ खुले थे। उन्होंने कहा कि विदेशी फंडों की निकासी बने रहने से भी कारोबारी धारणा पर असर पड़ा।
विदेशी निवेशकों ने निकाले 5,515 करोड़ रुपये
विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) इस महीने अब तक 5,515 करोड़ रुपये की बिकवाली कर चुके हैं। एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई, ह़ांगकांग और टोक्यो में सूचकांक हरे निशान के साथ बंद हुए जबकि सोल में बाजार नुकसान में रहा। यूरोप में प्रमुख सूचकांक दोपहर के सत्र में सकारात्मक स्तर पर बने हुए थे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.63 फीसदी की बढ़त के साथ 83.1 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
लाल निशान पर हुई थी बाजार की शुरुआत
इससे पहले आज कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच शेयर बाजार कमजोरी के साथ खुला। कारोबार शुरू होते ही बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स में 200 अंकों की गिरावट देखी गई। जबकि एनएसई का निफ्टी बाजार शुरू होते ही अपने 18 हजार के स्तर के नीचे आ गया। शुरुआती कारोबार के आंकड़ों को देखें तो निफ्टी 82.70 अंक या 0.68 फीसदी की गिरावट के साथ 17,934.50 के स्तर पर खुला था और सेंसेक्स ने 267.38 अंक या 0.44 फीसदी की गिरावट के साथ 60,085 पर कारोबार शुरू किया था।
बुधवार को भी बाजार में रही थी गिरावट
पिछले कारोबारी सत्र की बात करें तो बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स बुधवार को कारोबार की समाप्ति पर 80.63 अंक या 0.13 फीसदी की गिरावट के साथ 60,352.82 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं एनएसई का निफ्टी 27.05 अंक या 0.15 फीसदी टूटकर 18,017.20 के स्तर पर बंद हुआ था।