कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच आज सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को शेयर बाजार की शुरुआत लाल निशान पर हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 235.18 अंक यानी 0.64 फीसदी नीचे 36458.51 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.72 फीसदी यानी 77.65 अंकों की गिरावट के साथ 10725.05 के स्तर पर खुला।
वैश्विक बाजारों का हाल
वैश्विक बाजारों की बाद करें, तो सोमवार को दुनियाभर के बाजारों में उतार-चढ़ाव रहा। अमेरिका का बाजार डाउ जोंस 0.04 फीसदी की बढ़त के साथ 10.50 अंक ऊपर 26,085.80 पर बंद हुआ था। नैस्डैक 2.13 फीसदी गिरावट के साथ 226.60 अंक नीचे 10,390.80 पर बंद हुआ था। एसएंडपी 0.94 फीसदी गिरावट के साथ 29.82 अंक नीचे 3,155.22 पर बंद हुआ था। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.54 फीसदी गिरावट के साथ 18.64 अंक नीचे 3,424.64 पर बंद हुआ था। वहीं इटली, जर्मनी और फ्रांस के बाजार में बढ़त रही।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज विप्रो, श्री सीमेंट, एचसीएल टेक, सिप्ला, सन फार्मा, एशियन पेंट्स और अडाणी पोर्ट्स के शेयर की शुरुआत बढ़त पर हुई। वहीं हिंडाल्को, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, इंफ्राटे, वेदांता लिमिटेड, एसबीआई, जी लिमिटेड और एचडीएफसी बैंक के शेयर की शुरुआत गिरावट पर हुई।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज फार्मा और रियल्टी के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स लाल निशान पर खुले। इनमें एफएमसीजी, मीडिया, मेटल, बैंक, प्राइवेट बैंक, पीएसयू बैंक, आईटी और ऑटो शामिल हैं।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान शेयर मार्केट लाल निशान पर था। सुबह 9.12 बजे सेंसेक्स 176.41 अंक यानी 0.48 फीसदी की गिरावट के बाद 36517.28 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 51.85 अंक यानी 0.48 फीसदी नीचे 10750.85 के स्तर पर था।
पिछले कारोबारी दिन बढ़त के साथ बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 0.27 फीसदी की तेजी के साथ 99.36 अंक ऊपर 36693.69 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 0.44 फीसदी ऊपर 47.15 अंकों के उछाल के साथ 10815.20 के स्तर पर बंद हुआ था।
सोमवार को हरे निशान पर खुला था बाजार
सोमवार को शेयर बाजार की शुरुआत हरे निशान पर हुई थी। सेंसेक्स 296.44 अंक यानी 0.81 फीसदी ऊपर 36890.70 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 0.89 फीसदी यानी 95.90 अंकों की बढ़त के साथ 10863.95 के स्तर पर खुला था।