देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामले बढ़ते जा रहे हैं लेकिन इसके साथ ही कोरोना के इलाज पर सकारात्मक खबरों से बाजार खुश नजर आ रहा है। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। इसके साथ ही वैश्विक बाजारों से मजबूती के संकेत मिलने और सेंसेक्स में बड़ा वजन रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज में ऊंची बढ़त हासिल होने से बाजार में आज तेजी आई।
आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.27 फीसदी की तेजी के साथ 99.36 अंक ऊपर 36693.69 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.44 फीसदी ऊपर 47.15 अंकों के उछाल के साथ 10815.20 के स्तर पर बंद हुआ।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज टेक महिंद्रा, हिंडाल्को, एचसीएल टेक, जेएसडब्ल्यू स्टील, भारती एयरटेल, विप्रो, जी लिमिटेड, वेदांता लिमिटेड और ब्रिटानिया के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, गेल, एसबीआई, कोटक बैंक, अडाणी पोर्ट्स और एनटीपीसी के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
रिलायंस के शेयर में भी तेजी
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में भी सोमवार को तेजी देखी गई। यह 60.65 अंक (3.23 फीसदी) ऊपर 1938.70 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में यह 1903.35 पर खुला था और पिछले कारोबारी दिन यह 1878.05 के स्तर पर बंद हुआ था। कंपनी का बाजार पूंजीकरण 12.69 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
इसलिए आई तेजी
रविवार को खबर आई थी कि रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के जियो प्लेटफॉर्म्स में एक और बड़ा निवेश हुआ है। वायरलेस टेक्नोलॉजीज सेक्टर की दिग्गज कंपनी क्वालकॉम इनकॉरपोरेटेड की इन्वेस्टमेंट कंपनी क्वालकॉम वेंचर्स ने जियो में 730 करोड़ रुपये निवेश करने का एलान किया है। क्वालकॉम वेंचर्स जियो प्लेटफॉर्म में 0.15 फीसदी की हिस्सेदारी लेगी।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज रियल्टी, प्राइवेट बैंक, पीएसयू बैंक और बैंक लाल निशान पर बंद हुए। वहीं एफएमसीजी, फार्मा, आईटी, मेटल, मीडिया और ऑटो हरे निशान पर।
हरे निशान पर खुला था बाजार
आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार की शुरुआत हरे निशान पर हुई थी। सेंसेक्स 296.44 अंक यानी 0.81 फीसदी ऊपर 36890.70 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 0.89 फीसदी यानी 95.90 अंकों की बढ़त के साथ 10863.95 के स्तर पर खुला था।
पिछले कारोबारी दिन बढ़त के साथ बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.39 फीसदी की गिरावट के साथ 143.36 अंक नीचे 36594.33 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 0.42 फीसदी गिरकर 45.40 अंक नीचे 10768.05 के स्तर पर बंद हुआ था।