आज घरेलू बाजार में सोने और चांदी की वायदा कीमत में गिरावट आई। आज एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.2 फीसदी गिरकर 47,498 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यह सोने का करीब एक महीने का न्यूनतम स्तर है। चांदी की बात करें, तो यह 0.4 फीसदी की गिरावट के साथ 66740 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। पीली धातु पिछले साल के उच्चतम स्तर (56200 रुपये प्रति 10 ग्राम) से 8702 रुपये नीचे है। पिछले सत्र में सोना 0.6 फीसदी और चांदी 0.9 फीसदी गिरी थी। पिछले हफ्ते के मुकाबले सोना करीब एक हजार रुपये सस्ता है।
वैश्विक बाजार में इतनी है कीमत
वैश्विक बाजारों की बात करें, तो आज अमेरिकी डॉलर में तेजी आई। डॉलर इंडेक्स 0.1 फीसदी बढ़कर 92.343 पर था, जिससे अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोना महंगा हो हुआ। हाजिर सोना 0.1 फीसदी गिरकर 1,802.05 डॉलर प्रति औंस पर था जबकि चांदी 25.15 डॉलर प्रति औंस पर सपाट थी।
सोने की कीमत पर आधारित होते हैं गोल्ड ईटीएफ
दुनिया की सबसे बड़ी गोल्ड समर्थित एक्सचेंज ट्रेडेड फंड या गोल्ड ईटीएफ, एसपीडीआर गोल्ड ट्रस्ट की होल्डिंग्स गुरुवार को गिरकर 1,027.61 टन हो गई। स्वर्ण ईटीएफ सोने की कीमत पर आधारित होते हैं। पीली धातु के दाम में आए उतार-चढ़ाव पर ही इसका दाम भी घटता-बढ़ता है। मालूम हो कि ईटीएफ का प्रवाह सोने में कमजोर निवेशक रुचि को दर्शाता है। एक मजबूत डॉलर अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोने को अधिक महंगा बनाता है।
भारत की बात करें, तो सूत्रों का हवाला देते हुए रिपोर्ट्स में कहा गया है कि जुलाई में सोने का आयात एक साल पहले की तुलना में दोगुना से अधिक हो गया है क्योंकि राज्यों द्वारा लॉकडाउन प्रतिबंध हटाने के बाद मांग बढ़ी।