बुधवार को घरेलू बाजार में सोने और चांदी की वायदा कीमत में तेजी आई। एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.2 फीसदी ऊपर 47374 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी की बात करें, तो इसमें 0.37 फीसदी की तेजी आई और यह 63462 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। चार महीने के निचले स्तर, 45,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचने के बाद, सोने में रिकवरी आई है, लेकिन पीली धातु पिछले साल के उच्चतम स्तर (56200 रुपये प्रति 10 ग्राम) से अब भी 8826 रुपये नीचे है। पिछले सत्र में सोना वायदा सपाट स्तर पर बंद हुआ था और चांदी में 0.5 फीसदी की गिरावट आई थी।
कोविड के डेल्टा वैरिएंट के मामलों में वृद्धि जारी है। ऐसे में वैश्विक आर्थिक विकास के बारे में चिंताओं के बीच व्यापारी और निवेशक सतर्क हैं। असमान वैश्विक आर्थिक सुधार और डॉलर के मुकाबले रुपये में उतार-चढ़ाव से कीमती धातुओं की कीमत प्रभावित होती है। राजनीतिक और वित्तीय अनिश्चितताओं के दौरान सोने को अक्सर डॉलर के प्रतिस्पर्धी के रूप में मूल्य के एक सुरक्षित भंडार के रूप में देखा जाता है।
वैश्विक बाजार में इतनी है कीमत
वैश्विक बाजारों में आज सोने का दाम 0.3 फीसदी बढ़कर 1,791.67 डॉलर प्रति औंस पर रहा जबकि चांदी 0.7 फीसदी बढ़कर 23.79 डॉलर प्रति औंस हो गई। अन्य कीमती धातुओं में प्लैटिनम 1.3 फीसदी बढ़कर 1,009.67 डॉलर हो गया।
कोटक सिक्योरिटीज ने एक नोट में कहा है कि सोने में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है क्योंकि बाजार के खिलाड़ी वायरस की स्थिति, अफगानिस्तान से संबंधित विकास, चीन के आर्थिक स्वास्थ्य और फेड की मौद्रिक नीति के दृष्टिकोण का आकलन करते हैं, हालांकि बढ़ती अनिश्चितता कीमतों को समर्थन दे सकती है।
अप्रैल से जुलाई 2021 के दौरान देश का रत्न एवं आभूषण निर्यात 6.04 फीसदी बढ़ा और 12.55 अरब डॉलर पर पहुंच गया। 2019-20 की समान अवधि में यह आंकड़ा 11.8 अरब डॉलर था। अमेरिका, चीन और हांगकांग जैसे प्रमुख निर्यात गंतव्य वाले बाजारों में निरंतर होने वाले सुधार से निर्यात में तेजी आई है।