राष्ट्रीय राजधानी में आज सोने और चांदी की कीमत में तेजी आई। आज पीली धातु 455 रुपये की बढ़त के साथ 46,987 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, पिछले सत्र में सोने का दाम 46,532 रुपये प्रति 10 ग्राम था। वैश्विक बाजार से प्रभावित होकर आज सोना महंगा हुआ।
चांदी की कीमत में भी बढ़त
चांदी की बात करें, तो इस दौरान चांदी में 894 रुपये की बढ़त आई और इसकी कीमत 61,926 रुपये प्रति किलो हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 61,032 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का दाम 1,795 डॉलर प्रति औंस पर रहा जबकि चांदी का दाम 23.20 डॉलर प्रति औंस पर सपाट रहा।
सितंबर में सोने के आयात में 658 फीसदी इजाफा
खुदरा मांग में सुधार और पिछले साल के कम आधार प्रभाव की वजह से भारत में सोने का आयात सितंबर, 2021 में सालाना आधार पर 658 फीसदी बढ़कर 91 टन पहुंच गया। एक सरकारी सूत्र ने बताया कि पीली धातु की स्थानीय कीमतों के करीब छह महीने के निचले स्तर पर पहुंचने के कारण ज्वैलर्स ने त्योहारी सीजन को देखते हुए खरीदारी बढ़ाई है, जिससे आयात में इजाफा हुआ है। सितंबर, 2020 में 12 टन सोने का आयात किया गया था। मूल्य के हिसाब से देश में पिछले महीने 5.1 अरब डॉलर (37.9 हजार करोड़ रुपये) के सोने का आयात किया गया। पिछले साल के समान महीने में यह आंकड़ा 60.1 करोड़ डॉलर (4,466 करोड़ रुपये) रहा था।
आयात 100 टन पार होने की उम्मीद
कोलकाता के एक बुलियन डीलर ने बताया कि कोरोना संक्रमण के मामलों में गिरावट को देखते हुए खुदरा उपभोक्ता अब खरीदारी के लिए बाहर निकल रहे हैं। ऐसे में अगर कीमतें 46,300 के मौजूदा स्तर के आसपास स्थिर रहती हैं तो त्योहारी मांग को देखते हुए अक्तूबर में सोने का आयात 100 टन के पार पहुंच सकता है। अक्तूबर, 2020 में कुल 45 टन सोने का आयात किया गया था।