अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, स्टॉकिस्टों और व्यापारियों की ओर से लगातार खरीदारी के बाद सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 200 रुपये की तेजी के साथ 78,700 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंची। हालांकि, वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में गिरावट आई। शुक्रवार को पीली धातु 78,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
ताजा औद्योगिक मांग के कारण चांदी 500 रुपए उछलकर 93,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले सत्र में चांदी 93,000 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी। इसके अतिरिक्त 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 600 रुपए चढ़कर 78,300 रुपए प्रति 10 ग्राम के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।
पिछले सत्र में यह धातु 78,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। इससे पहले 7 अक्टूबर को सोने की कीमत रिकॉर्ड 78,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई थी। कारोबारियों ने कहा कि विदेशों में कमजोरी के रुख के बावजूद घरेलू बाजार में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी आई। इसका मुख्य कारण आभूषण विक्रेताओं की ओर से मांग में वृद्धि है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर वायदा कारोबार में दिसंबर डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध का भाव 207 रुपये या 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,100 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी का वायदा भाव 929 रुपये यानी 1.01 प्रतिशत गिरकर 90,761 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया।
सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया, एमसीएक्स में इसमें उतार-चढ़ाव रहा, जबकि कॉमेक्स सोना 2,660 अमेरिकी डॉलर के आसपास अपेक्षाकृत स्थिर रहा। एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष शोध विश्लेषक जतीन त्रिवेदी ने कहा, "बाजार प्रतिभागी चीन के प्रोत्साहन उपायों के संभावित प्रभाव पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।"
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कॉमेक्स सोना 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,669.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, "मजबूत अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी यील्ड के दबाव में सोमवार को सोने में कमजोरी के साथ कारोबार शुरू हुआ।"
एशियाई बाजारों में चांदी 1.17 प्रतिशत गिरकर 31.39 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च की एवीपी कायनात चैनवाला ने कहा, "कॉमेक्स पर सोना पिछले सप्ताह से मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। हालांकि, मजबूत डॉलर के कारण तेजी की संभावना सीमित है, क्योंकि ब्याज दरों में कटौती की आक्रामक उम्मीदें कम हुई हैं।" जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के ईबीजी- कमोडिटी एवं करेंसी रिसर्च के उपाध्यक्ष प्रणव मेर के अनुसार, सोने की कीमतों में पिछले सत्रों में बढ़त दर्ज की गई। मेर ने कहा कि इस सप्ताह ध्यान चीन से आने वाले आंकड़ों, ब्रिटेन, यूरोजोन से मुद्रास्फीति के आंकड़ों, यूरोपीय सेंट्रल बैंक (ईसीबी) की मौद्रिक नीति और खुदरा बिक्री और आवास बाजार पर निवेशकों की नजर रहेगी।