निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक ने कहा कि उसके निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2021 के लिए 6.50 रुपये प्रति शेयर के लाभांश की घोषणा की है। एचडीएफसी बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि 31 मार्च, 2021 को समाप्त वर्ष के लिए शुद्ध लाभ में से 6.50 रुपये प्रति इक्विटी शेयर (एक रुपये के अंकित मूल्य पर 650 प्रतिशत) के लाभांश की सिफारिश की गई है। बैंक की आगामी वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में इस निर्णय पर शेयरधारकों का अनुमोदन लिया जाएगा।
बैंक ने कहा कि इस सिफारिश को अगर एजीएम द्वारा स्वीकृति मिल जाती है तो, डिजिटल रूप में लाभांश के भुगतान और भौतिक लाभांश वारंट के प्रेषण के लिए अपेक्षित तिथि दो अगस्त, 2021 से आगे की होगी।
17 जुलाई को एजीएम की बैठक
एजीएम की बैठक 17 जुलाई को बुलाई गई है। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और अन्य ऑडियो विजुअल माध्यमों से आयोजित की जायेगी। इसके अलावा, बोर्ड ने एक मार्च, 2021 से 29 फरवरी, 2024 तक एक स्वतंत्र निदेशक के रूप में उमेश चंद्र सारंगी की फिर से नियुक्ति को मंजूरी दे दी।
31 मार्च 2021 की समाप्त तिमाही में 18.1 फीसदी बढ़ा शुद्ध लाभ
मालूम हो कि 31 मार्च 2021 की समाप्त तिमाही में एचडीएफसी बैंक का शुद्ध लाभ 18.1 फीसदी बढ़कर 8,186.51 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में बैंक को 6,927.69 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। वहीं चौथी तिमाही में बैंक का एकीकृत शुद्ध लाभ 15.8 फीसदी बढ़कर 8,434 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने एक साल पहले इसी तिमाही में 7,280 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल किया था।
वित्त वर्ष 2020-21 में 16.8 फीसदी बढ़ा शुद्ध लाभ
बैंक ने कहा है कि वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 16.8 फीसदी बढ़कर 31,833 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान जनवरी से मार्च तिमाही में बैंक की एकीकृत आय एक साल पहले की इसी अवधि के 38,287.17 करोड़ रुपये से बढ़कर 40,909.49 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। बैंक का कुल अग्रिम 31 मार्च 2020 के 10,43,671 करोड़ रुपये से 13.6 प्रतिशत बढ़कर 31 मार्च 2021 को 11,85,284 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।