Zombie Deer Disease: अमेरिका में लोगों के बीच जॉम्बी डियर बीमारी का डर पैदा हो गया है। दावा किया गया है कि इस बीमारी से अभी तक दो लोगों की मौत हो गई है। जॉम्बी डियर बीमारी को प्रियन बीमारी के नाम से भी जानते हैं। वैज्ञानिकों ने बताया है कि यह बीमारी जानवरों से इंसानों में फैलती है। जर्नल न्यूरोलॉजी में इसी महीने की शुरुआत में एक अध्ययन प्रकाशित किया गया था। इसके मुताबिक, अमेरिका में क्रुत्जफेल्ट-जैकब रोग (सीजेडी) नामक मस्तिष्क विकार की वजह से होने वाली कुछ मौतें वास्तव में प्रियन बीमारी से संबंधित हो सकती हैं। इससे आमतौर जानवर प्रभावित होते हैं।
शोधकर्ताओं का कहना है कि मरने से पहले दोनों व्यक्तियों ने क्रॉनिक वेस्टिंग डिजीज (सीडब्ल्यूडी) से पीड़ित हिरणों का मांस खाया था, जिसे जॉम्बी हिरण रोग भी कहा जाता है। यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) की वेबसाइट के मुताबिक, इस बीमारी से हिरण, एल्क, रेनडियर, सिका हिरण और मूस प्रभावित होते हैं। इसका उत्तरी अमेरिका, नॉर्वे और दक्षिण कोरिया में सबसे ज्यादा प्रभाव पड़ा है। संक्रमित हिरण या एल्क के मस्तिष्क या शरीर के तरल पदार्थ को खाने की वजह से यह बीमारी फैल सकती है।