जाम खुलवाने के लिए गु्स्साए ग्रामीणों को समझाने में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के जमुई में पंचायत भवन बनाने को लेकर सिकंदरा थाना क्षेत्र के गोखुला गांव में कई राउंड गोली चली है। इस घटना में एक महिला हाथ में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। वहीं, इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सिकंदरा नवादा मुख्य मार्ग स्थित गोखुला मोड़ के पास शुक्रवार को सड़क जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जाम की सूचना पर स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस जाम कर रहे लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत गोखुला फहतेपुर पंचायत के गोखुला में नए पंचायत भवन बनाने के स्थान पर जेसीबी के माध्यम से साफ-सफाई का काम किया जा रहा था। इसी दौरान देर रात अज्ञात अपराधियों ने आए और फायरिंग करना शुरु कर दी। इसी दौरान ठाकुरबाड़ी की सीढ़ी पर बैठी गोखुला गांव निवासी विमल सिंह उर्फ बबुआ सिंह की पत्नी के हाथ में गोली लग गई। इससे वह वहीं पर गिर पड़ी। उसके बाद आनन-फानन में परिजनों ने महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई ले गए। जहां डॉक्टर ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया।
वहीं, सड़क जाम कर रहे आक्रोशित ग्रामीणों को सिकंदरा थानाध्यक्ष विजय कुमार, चंद्रदीप थानाध्यक्ष अब्दुल हलीम और लछुआड़ थानाध्यक्ष विजेंद्र कुमार सिंह की ओर से समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन ग्रामीण सड़क पर ही डटे हुए हैं। गुस्साए ग्रामीणों ने सिकंदरा अंचलाधिकारी कृष्ण कुमार सौरभ पर लापरवाही का आरोप लगाया। साथ ही उन्हें जाम स्थल पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।